पंजाब के फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के 21 वर्षीय छात्र की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्र का शव मेहरू गांव के लॉ गेट इलाके में स्थित एक निजी पेइंग गेस्ट (PG) में मिला। बताया जा रहा है कि छात्र कुछ दिन पहले ही यूनिवर्सिटी का हॉस्टल छोड़कर यहां रहने आया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल छात्र के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
एलपीयू के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। (Representational image)
कमरे में मिला छात्र का शव
जानकारी के मुताबिक, घटना 10 और 11 अक्टूबर की दरमियानी रात की है। LPU के नजदीक मेहरू गांव का लॉ गेट इलाका बड़ी संख्या में छात्रों के रहने के लिए जाना जाता है। इसी क्षेत्र में स्थित एक निजी PG में 21 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे में पंखे से बंधी चादर के सहारे लटका मिला।
घटना का पता चलने पर छात्र के दोस्तों और PG संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर जांच की। इसके बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
कुछ दिन पहले ही हॉस्टल छोड़कर आया था पीजी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र ने कुछ दिन पहले ही निजी पीजी में कमरा किराये पर लिया था। इससे पहले वह यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रह रहा था। हालांकि,उसने हॉस्टल छोड़कर पीजी में रहने का फैसला क्यों किया था, इस बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस कमरे और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही छात्र के दोस्तों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई
पुलिस ने छात्र के परिवार को घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों के पहुंचने और उनके बयान दर्ज होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र किन परिस्थितियों से गुजर रहा था और उसकी मौत के पीछे क्या कारण रहे।
