LPG की अफवाह से मचा हड़कंप, एजेंसी के बाहर लंबी कतार; पुलिस बोली- कानपुर में गैस की कोई कमी नहीं

कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाहों के बाद एक गैस एजेंसी पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस हालात को संभालने के लिए मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है। साथ ही अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Kanpur LPG Crisis: कानपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाहों के बीच गुरुवार को एक गैस एजेंसी पर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए। अचानक उमड़ी भीड़ की वजह से वहां अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। जिसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण हुआ।

नजीराबाद में गैस एजेंसी पर अफरातफरी

यह घटना नजीराबाद थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार भागवत गैस एजेंसी के दो वितरण केंद्र हैं। जिनमें एक जेके मंदिर और दूसरा चुन्नीगंज के पास स्थित हैं। आज जेके मंदिर के पास सिलेंडर वितरण के लिए एक गाड़ी आई थी। जहां चुन्नीगंज के उपभोक्ता भी सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए। दो वितरण केंद्रों के उपभोक्ताओं के एक ही स्थान पर पहुंचने के कारण यहां भारी भीड़ हो गई। देखते ही देखते लोगों की लंबी कतार लग गई और भीड़ बढ़ती चली गई।

End of Feed