Lightning Strike Deaths Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और बलरामपुर जिलों में शुक्रवार को आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने की घटनाओं में एक बुजुर्ग किसान सहित दो लोगों की जान चली गई। अधिकारियों के अनुसार, मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र के चांदलेवा (छप्पन) गांव में सुबह बिजली गिरने से एक वृद्ध किसान बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 70 वर्षीय हरिशंकर के रूप में हुई है।
मिर्जापुर और बलरामपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत (सांकेतिक फोटो)
आगे की कार्रवाई जारी
अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि हरिशंकर रोज की तरह शुक्रवार सुबह अपने खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने हरिशंकर को तुरंत इलाज के लिए पड़री स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आवश्यक आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बलरामपुर में भी हुई दर्दनाक घटना
उधर, बलरामपुर जिले के देहात थाना क्षेत्र में भी शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने की एक घटना सामने आई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौत हो गई। बलरामपुर सदर के उपजिलाधिकारी हेमंत गुप्ता ने जानकारी दी कि घुसाह गांव निवासी 28 वर्षीय तीरथ राम वर्मा शुक्रवार दोपहर किसी काम से बलरामपुर शहर जा रहा था।
पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता
इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। एसडीएम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
