Dollar Vs Rupee: अमेरिका और ईरान के बीच फिर युद्ध शुरू होने से कच्चे तेल की कीमत में आग लग गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 85 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इसका असर आज रुपये के एक्सचेंज रेट पर हुआ है। अमेरिकी डॉलर के सामने रुपया टूटकर 96 के पार पहुंच गया है। बता दें कि रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 48 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.16 पर पहुंच गया। एशिया में भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ने से अधिकतर एशियाई मुद्राओं पर दबाव के अनुरूप रुपया कमजोर हुआ है।
इस कारण रुपये में बढ़ी गिरावट
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि नए सिरे से बढ़े भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करने से अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ी जिससे रुपये पर दबाव बना। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.95 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में यह टूटकर 96.16 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 48 पैसे की कमजोरी दर्शाता है।
रुपया सोमवार को 30 पैसे की गिरावट के साथ 95.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
इंपोर्टर्स की ओर से अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ने के बीच, मार्केट में शामिल लोगों को उम्मीद है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) रुपये की कीमत में भारी गिरावट को रोकने के लिए मार्केट में दखल देगा।जानकारों का कहना है कि टेक्निकल नजरिए से देखें तो USD/INR पेयर के लिए ₹95.80-₹96 का जोन एक अहम रेजिस्टेंस एरिया बना हुआ है।
डॉलर इंडेक्स में मामूली गिरावट
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.17 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,294.12 अंक पर और निफ्टी 0.64 प्रतिशत टूटकर 24,144.60 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84.98 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 3,062.27 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
