क्रिकेट

न्यूजीलैंड ने दूसरा वनडे जीत कर ली 1-1 की बराबरी, वेस्टइंडीज को 5 विकेट से दी मात

जेडन लेनोक्स की घातक गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 138 रन बनाए। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 5 विकेट गंवाकर 141 रन बनाकर मैच जीत लिया।

Image

न्यूजीलैंड ने जीता दूसरा वनडे मैच। फोटो- BLACKCAPS

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बाएं हाथ के स्पिनर जेडन लेनोक्स ने 19 रन देकर पांच विकेट लिए, जिससे न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कम स्कोर वाले दूसरे वनडे मैच में पांच विकेट से जीत हासिल करके सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। वेस्टइंडीज का स्कोर एक समय बिना किसी नुकसान के 63 रन था लेकिन आखिर में उसकी टीम 36 ओवर में 138 रन पर आउट हो गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए भी टर्न लेती पिच पर खेलना आसान नहीं रहा। उसका स्कोर भी एक समय पांच विकेट पर 96 रन था। उसके बाद टॉम लैथम (नाबाद 37) ने मार्क ब्रैसवेल (नाबाद 24) के साथ 37 रन की अटूट साझेदारी करके न्यूजीलैंड को 104 गेंद शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड ने 32.4 ओवर में पांच विकेट पर 141 रन बनाए।

डेब्यू के बाद सातवें मैच में लिया पांच विकेट

न्यूजीलैंड की यह वनडे में 400वीं जीत थी, जिससे उसने पांच मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया। वेस्टइंडीज ने पहला मैच सात विकेट से जीता था। लेनोक्स ने 31 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद अपने सातवें वनडे में पहली बार पांच विकेट लिए।

65 रन के अंदर गंवाए 10 विकेट

उन्होंने एक ऐसे पतन की शुरुआत की जिससे जॉन कैंपबेल (43) और अकीम ऑगस्ट (18) के बीच पहले विकेट की अच्छी साझेदारी के बावजूद वेस्टइंडीज ने 65 रन के अंदर अपने सभी 10 विकेट गंवा दिए। उसके केवल चार बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंचे। इनमें आमिर जांगू भी शामिल थे, जिन्होंने 24 रन बनाए।

गयाना में खेला जाएगा तीसरा मैच

हेनरी निकोल्स (17) और विल यंग (28) ने न्यूजीलैंड को तेज शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए लगभग पांच रन प्रति ओवर की दर से 35 रन जोड़े। न्यूजीलैंड ने यंग और मार्क चैपमैन (00) के विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए। निकोल्स के आउट होने से स्कोर तीन विकेट पर 52 रन हो गया। डेरिल मिचेल (28) और लैथम ने चौथे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। पांच मैचों की सीरीज का तीसरा मैच गुरुवार को गयाना में ही खेला जाएगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमार author

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

    End of Article