दिल्ली के जसोला में बड़ा हादसा, भवन गिराने के दौरान ढही दीवार; मलबे में दबकर मजदूर की मौत

दिल्ली के जसोला में भवन को गिराने के दौरान दीवार ढहने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दिल्ली : जसोला इलाके में पुराने भवन को गिराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जर्जर इमारत की एक दीवार अचानक ढहने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अन्य मजदूर को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:27 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि जसोला स्थित एक पुराने और जर्जर भवन को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत की एक साइड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

Death

(सांकेतिक फोटो-Istock)

स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से सभी मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें 24 वर्षीय विजय की इलाज के दौरान मौत हो गई। दो घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि एक मजदूर को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

End of Feed