Kota Accident News: राजस्थान के कोटा में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जहां श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कोटा-उदयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा
खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुआ। क्रूजर गाड़ी में कुल 16 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे। वे राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। जहां से वापस महाराष्ट्र लौटते समय उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों के इलाज को प्राथमिकता: ADM
अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने बताया कि शंभूपुरा के पास आधी रात के समय 16 लोगों को लेकर जा रही गाड़ी ट्रक से टकरा गई। यह बेहद दुखद हादसा है, जिसमें 9 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे।
राजेश जोशी के मुताबिक, प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें स्वस्थ करना है। हादसे में जान गंवाने वालों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
