West Bengal Weather Today: पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव कमजोर होकर ओडिशा की ओर बढ़ गया है, जिसके प्रभाव से बंगाल के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में अगले 2-3 दिनों तक बारिश होने की संभावना है। साथ ही मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं भी चलने का भी अनुमान है। इस दौरान मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।
पश्चिम बंगाल में 3 दिन बारिश का अलर्ट (istock)
पश्चिम बंगाल में क्यों बदला मौसम
आईएमडी ने पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो कमजोर होकर ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में पहुंच गया है। जिसका असर पश्चिम बंगाल के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। जिससे कई जगहों पर छह अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अवदाब एक ऐसी स्थिति है जो निम्न दबाव क्षेत्र के बाद और चक्रवाती तूफान से पहले आती है, जिसके कारण आमतौर पर भारी बारिश होती है और तेज हवाएं चलती हैं।
पश्चिम बंगाल में कहां-कहां होगी बारिश
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार उप-हिमालयी जिले के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूच बेहार में पांच अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेंटीमीटर) होने की आशंका है। बुलेटिन में कहा गया है कि दक्षिण बंगाल के बीरभूम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद, पूर्व और पश्चिम बर्धमान और बांकुड़ा जिलों में शनिवार तक भारी बारिश (7-11 सेमी) होने की संभावना है।
(इनपुट - भाषा)
