Kolkata Rain: कोलकाता में दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता में हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई। जिसने सड़कों को तालाब में बदल दिया। हालांकि बीते 24 घंटों में कोलकाता में बारिश दर्ज नहीं की गई है। इसके बावजूद शहर के हालात नहीं बदले हैं। आज भी सड़कों पर लबालब पानी भरा हुआ है। जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है। कोलकाता म्युनिसिपल कारपोरेशन के तमाम दावों के बावजूद सड़कें आज भी जलमग्न हैं।
कोलकाता में मंगलवार को जलभराव की फाइल फोटो (PTI)
बालीगंज इलाके में भरा पानी
दक्षिण कोलकाता का बालीगंज इलाका आज भी पानी के सैलाब से जूझ रहा है। बालीगंज फाड़ी कोलकाता का एक अहम इंटरसेक्शन हैं, यह दक्षिण कोलकाता को उत्तर कोलकाता से जोड़ता हैं। लेकिन इस इलाके से भी अब तक जलभराव कम नहीं हुआ है। दफ्तर जाने वाले लोगों को भी दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें जलमग्न होने के कारण ट्रैफिक भी सुस्त रफ्तार से चल रहा है। सड़क पर और हर तरफ बस पानी ही पानी भरा हुआ हैं। जिसके कारण गाड़ियां भी खराब हो रही है। बालीगंज फाड़ी में दर्जनों गाड़ियां और बसें इसी कारण खराब हो रखी हैं।
खराब गाड़ियां भी रास्ते से नहीं हटी
कोलकाता म्युनिसिपल कारपोरेशन के तमाम दावे भी ग्राउंड पर गलत साबित हो रहे हैं। केएमसी का कहना हैं लगातार पंपिंग स्टेशन चल रहे हैं और शहर से पानी निकलने का काम भी जारी है, लेकिन इन तमाम दावों के बावजूद आज भी सड़कें जलमग्न हैं। पिछले 24 घंटे में बारिश ना होने के बावजूद ना तो पानी का स्तर कम हुआ हैं और न हीं खराब गाड़ियों को रास्ते से हटाया गया हैं। जिस वजह से आज जो लोग दफ्तर जा रहे हैं उनको खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं।
