Kolhapur News: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका को गहरी खाई में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले का खुलासा करने और मृतका तरन्नुम का शव नाइकवाड़ी झरने के पास खाई से बरामद करने के बाद आरोपी श्रीपद वडार (25) को गिरफ्तार कर लिया।
पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया आरोपी
दूसरी जगह तय हो गई थी तरन्नुम की शादी
भुदरगढ़ पुलिस थाने के निरीक्षक संदीप जगताप ने बताया कि यह घटना 9 अक्टूबर की दोपहर हुई, जब वडार तरन्नुम को भुदरगढ़ तालुका के पाटगांव के पास एक पर्यटन स्थल पर ले गया था। उन्होंने बताया कि गारगोटी कस्बे के रहने वाले वडार और तरन्नुम के बीच पिछले चार से पांच साल से प्रेम संबंध थे, लेकिन चार महीने पहले मृतका की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी, जिसके बाद वह वडार से दूरी बनाने लगी थी।
आखिरी बार मिलने के लिए बुलाया
तरन्नुम के व्यवहार में आए बदलाव से नाराज वडार, तरन्नुम की शादी होने से पहले उससे आखिरी बार मिलने के लिए उसे उस स्थान पर ले गया। अधिकारी ने बताया कि वडार ने तरन्नुम से शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसके इनकार करने पर दोनों के बीच बहस हो गई और उसने उसे खाई में धकेल दिया। जगताप ने बताया कि इसके बाद वडार घर लौट आया और अपने परिवार को बताया कि तरन्नुम लापता हो गई है। उसने दावा किया कि वह अपनी मोटरसाइकिल खड़ी करके तरन्नुम के लिए पानी लेने गया था और इसी दौरान वह लापता हो गई।
आरोपी के बयान में कई गड़बड़ियां नजर आईं
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि शुरुआत में यह मामला एक व्यक्ति के लापता होने का लग रहा था, लेकिन पुलिस को घटना के बारे में आरोपी के बयान में कई गड़बड़ियां नजर आईं। लगातार पूछताछ करने पर आरोपी ने मृतका की हत्या करने की बात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मदद के लिए अंबोली की सह्याद्री बचाव टीम से संपर्क किया और शनिवार को मृतका का शव बरामद कर लिया। उन्होंने कहा कि आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
