सड़क पर कोई कट यानी टर्न अचानक बंद हो जाए तो वहां से गुजरने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है। लगातार उस कट का इस्तेमाल करने वाले लोगों को फिर दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे न सिर्फ परेशानी बढ़ती है, बल्कि जाम के साथ ही नया रास्ता महंगा भी पड़ता है। ऐसा ही कुछ हुआ है दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर जखोड़ा गांव के पास किसान चौक कट बंद होने से। चलिए जानते हैं इस बारे में सब कुछ -
दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर किसान चौक कट बंद
किसान चौक कट बंद होने के बाद यहां से नियमित तौर पर गुजरने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि क्षेत्र को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने के लिए यह फैसला लिया गया है। जबकि ग्रामीण और यहां से नियमित तौर पर गुजरने वाले यात्री इसका विरोध कर रहे हैं। बाद में उन्होंने SDM अभिनव सिवाच को इस संबंध में एक मेमोरेंडम भी दिया।
किसान चौक कट बंद होने के बाद हालात ऐसे हैं कि जिन लोगों को बहादुरगढ़ से रोहतक की ओर जाना है, उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए चार किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इससे ईंधन और समय दोनों की बर्बादी हो रही है। कट बंद होने से लोगों को जो परेशानी हो रही है, सो अलग।
स्थानीय लोगों ने किसान चौक कट को फिर से खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि बायपास के बाद यह सबसे महत्वपूर्ण चौक है। उनका कहना है कि इस कट को बंद करने से एक्सीडेंट का खतरा बढ़ गया है। निवासियों का आरोप है कि पहले के मुकाबले अब और ज्यादा गाड़ियां उल्टी तरफ (Wrong Side) ड्राइविंग कर रहे हैं। निवासियों का कहना है कि जिस तरह से यह कट बंद किया गया है, यह और भी ज्यादा परेशानी का कारण बन रहा है और भविष्य में यहां एक्सीडेंट्स भी काफी बढ़ सकते हैं।
जखोड़ा गांव के निवासियों ने नियमित तौर पर सफर के दौरान होने वाली परेशानियां गिनाई हैं। अब पुरानी, दिल्ली-रोहतक रोड पर रोहतक की ओर जाने वाले लोगों को बायपास पर कसार चौक तक आना पड़ता है। यहां पर बड़े वाहनों के चलते दिक्कत होती है। लोगों का आरोप है कि ट्रैफिक की स्थिति सुधारने की बजाय ट्रैफिक पुलिस लोगों को परेशान कर रही है।
ट्रैफिक पुलिस ने सभी लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने बहादुरगढ़ से रोहतक की ओर जाते समय किसान चौक न जाने की भी अपील की है। इसके बजाय बहादुरगढ़ बायपास से जाने की सलाह दी गई है। इससे गैर-जरूरी ट्रैफिक जाम को कम करने में मदद मिलेगी और लोगों को परेशानी नहीं झेलनी होगी। पुलिस ने सभी ड्राइवरों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की भी अपील की है।
बहादुरगढ़ ट्रैफिक पुलिस एसएचओ सतीश कुमार सिंह ने बताया कि किसान चौक पर अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या रहती थी, इसी लिए इस कट को बंद किया गया है। यहां पर लगी हाई मास्ट लाइट को भी सड़क के बीच से हटाकर किनारे लगाया गया है। कट को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है, जरूरत के समय इसे खोल दिया जाएगा।
