Gurugram News: 1999 के ऐतिहासिक कारगिल युद्ध ('ऑपरेशन सफेद सागर') के वीर योद्धा रहे भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर गुरुग्राम के मैग्नम ग्लोबल पार्क में बर्बरतापूर्वक जानलेवा हमला कर दिया गया। गुरुवार रात करीब 8 बजे ग्रुप कैप्टन गुप्ता अपने परिवार को मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित गोंजो रेस्टोरेंट में डिनर के लिए छोड़कर कार पार्क करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद पार्किंग स्टाफ ने उन्हें कभी वैले, कभी बेसमेंट तो कभी मल्टी-लेवल पार्किंग के चक्कर कटवाए और आखिरकार गाड़ी पार्क करने से ही मना कर दिया।
गुरुग्राम में कारगिल युद्ध के हीरो पर पार्किंग में जानलेवा हमला (फोटो- X)
ये भी पढ़ें- हिंदू छात्राओं को हिजाब पहनने के लिए करते थे मजबूर, हुई FIR तो पहुंचे हाईकोर्ट, याचिका भी खारिज हुई और फटकार भी लगी
पार्किंग अटेंडेंट ने किया हमला
शिकायत के मुताबिक, विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया जब ग्रुप कैप्टन ने अपनी कार रिवर्स करने की कोशिश की और पार्किंग अटेंडेंट ने गाड़ी के सामने का शीशा तोड़ने के इरादे से उस पर हमला कर दिया। जैसे ही गुप्ता ने कार से बाहर निकलकर इस गुंडागर्दी का विरोध किया, आरोपी अटेंडेंट ने अचानक लोहे की रॉड से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। एक वार उनके सिर पर और दूसरा हाथ पर लगा, जिससे वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। हैरान करने वाली बात यह रही कि वहां खड़े सुरक्षाकर्मियों और अन्य पार्किंग स्टाफ में से कोई भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल करने के आधे घंटे बाद तक भी कोई मदद नहीं पहुंची; अंत में एक शेफ के बीच-बचाव करने से अधिकारी की जान बच सकी।
'अस्पताल ने झूठी रिपोर्ट की तैयार'
लहूलुहान और गंभीर हालत में रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन गुप्ता को एंबुलेंस के जरिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी कोहनी की टूटी हड्डी को जोड़ने के लिए जटिल सर्जरी कर प्लेट्स डाली गईं। पीड़ित अधिकारी ने पुलिस पर सहयोग न करने का गंभीर आरोप लगाने के साथ-साथ यह भी खुलासा किया है कि अस्पताल ने झूठी एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) रिपोर्ट तैयार की, जिसमें उनके सिर से बहे खून और कोहनी की गंभीर चोट का कोई उल्लेख नहीं किया गया। ग्रुप कैप्टन ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोपी अटेंडेंट के खिलाफ हत्या के प्रयास और गंभीर चोट पहुंचाने की संगीन धाराओं के तहत तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने क्या कहा?
सेक्टर 65 पुलिस स्टेशन के एसएचओ (SHO) रामबीर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे का है। एसएचओ के अनुसार, सेवानिवृत्त अधिकारी अपने परिवार के साथ रात्रिभोज (डिनर) के लिए सेक्टर 65 थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में गए थे। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को रेस्टोरेंट के पास उतारा और फिर गाड़ी पार्क करने के लिए पार्किंग क्षेत्र की ओर चले गए।पीड़ित अधिकारी का आरोप है कि गाड़ी को सही तरीके से पार्क करने को लेकर पार्किंग अटेंडेंट के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद पार्किंग अटेंडेंट ने उनके सिर और हाथ पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अस्पताल जाकर पीड़ित अधिकारी का बयान दर्ज करने का प्रयास किया, लेकिन उस समय अधिकारी ने अस्वस्थ होने के कारण बयान देने में असमर्थता जताई और कहा कि वह बाद में थाने आकर अपना बयान दर्ज कराएंगे। हालांकि, उन्होंने घटना वाले दिन ही पुलिस को एक लिखित शिकायत सौंप दी थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज किया जा रहा है और घटना की आगे की जांच जारी है।
