Kanpur New Airport: उत्तर प्रदेश के कानपुर के लोगों के लिए गुड न्यूज है। कानपुर के लोगों को नए साल पर नए एयरपोर्ट का तोहफा मिलेगा। कानपुर स्थित चकेरी एयरपोर्ट की मवैया में बन रही नई बिल्डिंग का कार्य पूर्ण हो गया है। नई बिल्डिंग का काम अंतिम तिथि 30 दिसंबर के पहले ही पूरा कर लिया गया। इसका ट्रायल भी एयरपोर्ट प्रबंधन ने करा लिया। ऐसे में इस नए साल में इसका तोहफा मिलना तय हो गया है। नई टर्मिनल इमारत की एयरपोर्ट प्रबंधन ने फोटो जारी की है। नया एयरपोर्ट भव्य दिखाई दे रहा है। एयरपोर्ट के बाहर लगा फाउंटेन और लाइटें इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा रही हैं। जानकारी के मुताबिक, एप्रोच लाइट और दूसरा बचा काम 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
कानपुर में नया एयरपोर्ट बनकर तैयार
आपको बता दें कि, नई बिल्डिंग में करीब 300 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। चकेरी एयरपोर्ट की नई टर्मिनल इमारत बनाने की डेडलाइन छठवीं बार 31 दिसंबर 2022 तय की गई थी। इसका निर्माण यूपी राज्य निर्माण निगम करा रहा है। इस प्रोजेक्ट का वर्कऑर्डर अक्टूबर 2019 में जारी किया गया था।
