Kanpur Weather Update: कानपुर में नए साल का दूसरा और तीसरा दिन भीषण शीतलहर लेकर आया। सोमवार के बाद मंगलवार को कानपुर यूपी में सबसे ज्यादा सर्दी रही। मौसम विभाग ने ठंड और बढ़ने एवं प्रदेश के अन्य जिलों में पारा गिरने के साथ ही कोहरा बढ़ने के आसार जताए हैं। जनवरी के तीसरे हफ्ते में बूंदाबांदी के भी आसार हैं। मौसम विभाग के सुबह साढ़े आठ बजे के ऑब्जरवेशन के अनुसार कानपुर में न्यूनतम पारा 3.6 डिग्री दर्ज किया गया है। कानपुर में शीतलहर बीमारों और बुजुर्गों के लिए जानलेवा साबित हुई। पिछले 24 घंटे में हार्ट और ब्रेन अटैक से 15 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही स्कूलों को सात जनवरी तक बंद करने का आदेश जारी हो गया है।
कानपुर में भीषण सर्दी का कहर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
सीएसए के मौसम विभाग के मुताबिक दो जनवरी को अधिकतम तापमान ने 12 वर्ष साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दो जनवरी 2011 से 2022 के बीच कभी भी 13.4 डिग्री या इससे कम पारा नहीं रहा है। इससे पहले दो जनवरी 2011 को यह 15.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। मंगलवार को भी कानपुर में न्यूनतम पारा 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
