Kanpur Weather Update: कानपुर में साल के आखिरी दिन कड़ाके की ठंड का एहसास हुआ। कानपुर में 2022 का आखिरी दिन सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पूरे दिन बर्फीली हवाओं के झोंके से शहर कांपता रहा। अधिकतम तापमान 5.8 डिग्री से लुढ़ककर 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने डार्क यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन से चार दिनों तक सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। फिलहाल शीतलहर का एलान नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल पर कड़ाके की ठंड के आसार हैं। प्रदेश से सटे पर्वतीय इलाकों में होने वाली बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। इसके कारण गलन बढ़ती जा रही है।
अगले तीन से चार दिनों तक ठंड से नहीं मिलेगी राहत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
साल के आखिरी दिन ट्रेन, बस और फ्लाइटों पर कोहरे का भीषण असर रहा। स्पाइस जेट की मुंबई, दिल्ली तो इंडिगो की बेंगलुरु और मुंबई की फ्लाइटें न तो आईं और न ही गईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि, राजधानी दिल्ली, कानपुर मंडल और लखनऊ मंडल में ऐसे ही ठंड बनी रहेगी।
