उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में सोमवार शाम एक टायर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव स्थित ओउम जेवीआरडी टायर फैक्ट्री में आग लगने के बाद परिसर में मौजूद फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका हुआ।
कानपुर देहात में टायर फैक्ट्री बनी आग का गोला, फ्यूल टैंक में ब्लास्ट के बाद मचा हड़कंप।
हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 5:50 बजे फायर स्टेशन माती को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के नेतृत्व में तीन फायर टेंडर को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
फ्यूल टैंक में लगी थी भीषण आग
दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं तो फैक्ट्री परिसर में मौजूद दो फ्यूल टैंकों में से एक में भीषण आग लगी हुई थी। आग के दूसरे टैंक तक फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल कर्मियों ने दूसरे टैंक की कूलिंग शुरू की। वहीं, फोम की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के मुताबिक, दमकल टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई।
आग लगने की वजह की जांच जारी
फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आग कैसे लगी और फ्यूल टैंक तक कैसे पहुंची, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मजदूरों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
