Kanpur Buisnessman Murder: कानपुर दवा व्यापारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने जब नौकर को हिरासत में लिया, तो उसने ऐसा खौफनाक खुलासा किया जिसने पूरे परिवार और पुलिस के होश उड़ा दिए। नौकर ने दावा किया है कि व्यापारी की हत्या के लिए घर की बहू ने पैसे देने का वादा किया था। इस कबूलनामे के बाद पुलिस की जांच की सुई अब परिवार के भीतर सुपारी किलिंग के एंगल पर घूम गई है।
कानपुर दवा कारोबारी हत्याकांड में बड़ा ट्विस्ट (सांकेतिक फोटो)
घर में घुसकर उतारा मौत के घाट
पुलिस के अनुसार, इस वारदात को शनिवार रात करीब 10:30 बजे से रविवार तड़के 3:00 बजे के बीच अंजाम दिया गया। कानपुर के पॉश इलाके कल्याणपुर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट में रहने वाले 63 वर्षीय विननीत मिनोचा शहर के मशहूर थोक दवा व्यापारी हैं। शहर के थोक बाजार बिरहाना रोड पर ‘फार्मा ट्रेडर्स’ नाम से उनका दवाइयों का बड़ा कारोबार है। जिसे वे अपने बेटे सुब्रत के साथ मिलकर संभालते थे। शनिवार रात मिनोचा की उनके घर के अंदर घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कारोबारी की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और सबूत जुटाना शुरू किया।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया नौकर
वारदात के बाद पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां कैद हो गईं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने देर शाम तक कारोबारी के घरेलू नौकर और उसके साथी को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ करने पर नौकर टूट गया और उसने कुबूल किया कि अपने एक साथी की मदद से उसने कारोबारी की हत्या क।
'बहूरानी ने पैसे देने की बात कही थी'
पूछताछ के दौरान नौकर ने हैरतअंगेज खुलासा किया कि इस हत्याकांड की साजिश में घर की बहू शामिल है और उसी ने व्यापारी की हत्या करने के लिए पैसे देने की बात कही थी। नौकर के इस बयान के बाद पुलिस ने मामले में बहू की भूमिका की गहराई से जांच शुरू कर दी है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि नौकर के बयानों की सत्यता की पुष्टि के लिए कॉल डिटेल्स, वित्तीय लेन-देन और अन्य सबूतों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जल्द ही इस पूरे हत्याकांड का आधिकारिक तौर पर पर्दाफाश किया जाएगा।
