शहर

7 से 8 अप्रैल को मौसम बरसाएगा कहर! आंधी, ओलावृष्टि और गरज के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी

इन दिनों मौसम अपने तेवर दिखा रहा है और उत्तर व मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है।

Image

कल का मौसम कैसा रहेगा?

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

इन दिनों मौसम अपने तेवर दिखा रहा है। हर तरफ बारिश-आंधी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का तेज असर देखने को मिल रहा है खासतौर से उत्तर भारत और मध्य भारत के राज्यों में। इस बेमौसम बरसात से किसानों का काफी नुकसान हुआ है, हालांकि प्रशासन उन्हें राहत प्रदान करने के लिए कार्य कर रहा है। साथ, मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश व ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए वे खलिहान या कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व अन्य सामान को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।

अब सवाल यह भी है कि, क्या मौसम का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा या कोई बड़ा बदलाव होगा? इससे पहले आइए जानें पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल कैसा रहा? अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में थोड़ी बहुत जगहों पर ओलावृष्टि की खबर मिली है। पश्चिमी बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर 30-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी हुई। चलिए जानें अलग-अलग राज्यों में मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत पर दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिनकी सबसे अधिक तीव्रता 7 और 8 अप्रैल को रहेगी। इसके परिणामस्वरूप कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल और हिमाचल प्रदेश में 8 अप्रैल को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं, मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में 9 अप्रैल तक गरज और बिजली के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। छिटपुट ओलावृष्टि 6 अप्रैल को छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तथा 6 और 8 अप्रैल को बिहार और झारखंड में हो सकती है। आने वाले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम रहने की संभावना है, जिसके बाद यह धीरे-धीरे 3-5°C तक बढ़ सकता है।

दिल्ली एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली एनसीआर में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को क्षेत्र में तेज हवाएं, बादल छाए रहने के साथ बारिश और कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम 31 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 8 अप्रैल को तापमान और गिरकर न्यूनतम 18 डिग्री तथा अधिकतम 31 डिग्री रह सकता है। इन दोनों दिनों में एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। 9 अप्रैल को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ होने का अनुमान है और तापमान धीरे-धीरे बढ़कर अधिकतम 33 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम में इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है, जिसके चलते एनसीआर और आसपास के इलाकों में हवाओं की गति बढ़ेगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में मौसम जल्द ही बदलने वाला है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है। यह बदलाव नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण होगा। 7 अप्रैल को सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिलेगा, जबकि 8 अप्रैल तक यह पूरे प्रदेश में फैल सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर किसानों और खुले में काम करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बिहार में कल के मौसम का हाल

बिहार में लोगों को उमस भरी गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने 7 अप्रैल को पूरे राज्य में आंधी-बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के जिलों में येलो अलर्ट और दक्षिण बिहार के जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। येलो अलर्ट वाले जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली और समस्तीपुर शामिल हैं। वहीं, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका जिले शामिल हैं।

राजस्थान में ऐसा रहेगा कल का मौसम

राजस्थान में 6 अप्रैल से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में दोपहर बाद एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से राज्य के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, बारिश होने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि का नया दौर शुरू होने की पूरी संभावना है। वहीं 7 अप्रैल को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहेगा। इससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी व कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। कई जगह मध्यम से तेज बारिश भी होगी। इस दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र व आसपास के कुछ भागों में 20 से 50 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। 8 अप्रैल को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 9 अप्रैल से आगामी 3-4 दिन अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा व तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होगी।

पंजाब और हरियाणा का मौसम

मौसम विभाग की लेटेस्ट वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ घंटों के दौरान पंजाब और हरियाणा में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-50 किमी/घंटा की रफ्तार, कभी-कभी 60 किमी/घंटा तक) की संभावना है। इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा में फैली हुई हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, 7 और 8 अप्रैल को इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में मौसम ऐसा रहेगा

हिमालयी राज्यों में अगले कुछ दिनों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इन दिनों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी के साथ गरज, बिजली और तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा, कभी-कभी 60 किमी/घंटा तक) देखने को मिल सकती हैं। 7 से 10 अप्रैल के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा, कभी-कभी 60 किमी/घंटा तक) का असर रहेगा। वहीं, कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल को और हिमाचल प्रदेश में 8 अप्रैल को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, इन हिमालयी राज्यों में 6 से 8 अप्रैल के बीच ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत का मौसम

दक्षिण भारत की बात करें तो, तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में 7 से 9 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-50 किमी/घंटा) की संभावना है। इसी प्रकार, आंतरिक कर्नाटक में 9 और 10 अप्रैल तथा केरल और माहे में भी गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7 से 8 अप्रैल और तटीय कर्नाटक में 9 और 10 अप्रैल को बिजली गिरने की घटनाओं की संभावना जताई गई है। वहीं, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल और माहे के घाटीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

कुल मिलाकर, देश के ज्यादातर हिस्सों में 9 अप्रैल तक बारिश, आंधी और तूफान की गतिविधियां बनी रहेंगी, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में यह असर 10 अप्रैल तक रह सकता है। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होगा और तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

FAQs

इस समय उत्तर और मध्य भारत में मौसम कैसा है?

उत्तर और मध्य भारत में वर्तमान में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि जैसी स्थितियां देखी जा रही हैं। मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर क्या होगा?

दक्षिण भारत में अगले दिनों का मौसम कैसा रहेगा?

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article