देशभर में बढ़ता पारा सिरदर्द बनता जा रहा है। सुबह आंख खुलते ही झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक दिन में सूरज तपिश बढ़ा रहा था, लेकिन आने वाले दिनों में रातें भी बेहद गर्म होने वाली हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 5 दिन तक यूपी, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और लू की स्थिति रहेगी। हालांकि, 23 मई को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों पर आंधी-बारिश का अलर्ट भी घोषित है। इधर, पर्वतीय राज्यों जम्मू-कश्मीर, लेह, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से आंधी-पानी, बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर गर्मी का असर बढ़ता जाएगा। स्काईमेट के हवाले से अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण भारत में एक चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से केरल, लक्ष्यद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा समेत समुद्र तटीय भागों पर तेज तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। प्री मानसून की आहट के बीच पूर्वोत्तर के राज्यों के साथ महाराष्ट्र और गोवा में भी मौसमी गतिविधियां रिकॉर्ड की जा सकती हैं। हालांकि, अधिकतर राज्यों में हीटवेव का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम आज-कल
यूपी में कल का मौसम
उत्तर प्रदेश तपिश और लू का दंश झेल रहा है। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने हाल-बेहाल कर रखा है। दिनभर पछुआ तेज गर्म हवाएं तमाचा जैसे मार रही हैं। मौसम विभाग का मानना है कि अगले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। फिलहाल, आगरा मंडल और प्रयागराज मंडल में रेड अलर्ट, लखनऊ मंडल में येलो अलर्ट है। आईएमडी ने दोपहर 11 से शाम 4 बजे तक सबसे अधिक पारा रहने से लोगों को बचाव की सलाह दी है। उधर, पूरा बुंदेलखंड आग की तरह तप रहा है और बांदा में अधिकतम पारा 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। हालांकि, अगले 2 दिन में पश्चिमी यूपी में मौसम थोड़ा बदल सकता है।
दिल्ली में मौसम का कैसा है
दिल्ली में लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सुबह से सूरज की तपिश बढ़ती दिख रही है और लोगों के पसीने छूट रहे हैं। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अगले 24 घंटे के दौरान तेज गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट है। आगे गर्मी में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने 23 मई की रात से बादलों की आवाजाही के संकेत दिए हैं। इस दौरान आंधी और बारिश की संभावना है। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, हवा की क्वालिटी मध्यम स्तर की है। फिलहाल एक्यूआई 160 के आसपास है। सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 अत्यंत खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है।
राजस्थान में कैसा है मौसम
राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है। आईएमडी के मुताबिक, गंगानगर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, अगले 48 के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों पर मौसम के बदलने के संकेत हैं। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार वाली हवाएं आंधी चलने और हल्की बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा का मौसम कैसा है
पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी ने हालत खराब कर रखी है। आईएमडी ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान पंजाब का फरीदकोट 45.9 डिग्री सेल्सियस और हरियाणा का सिरसा 45.8 डिग्री सेल्सियस दोनों राज्यों में सबसे अधिक तापमान के साथ गर्म स्थान बने हुए हैं, जिससे लू का अलर्ट जारी कर दिया गया है। चंडीगढ़ में भी अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री, रोहतक 45.5 डिग्री, अंबाला में 44.2 डिग्री, हिसार में 44.3 डिग्री, करनाल में 43.8 डिग्री , भिवानी में 44 डिग्री सेल्सियस और गुरुग्राम में 42 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं, पंजाब के बठिंडा में 45.6 डिग्री, पटियाला में 44.9 डिग्री, लुधियाना में 43 डिग्री और अमृतसर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। अधिकांश हिस्सों पर लू का अलर्ट है। हालांकि, मौसम विभाग ने वीकेंड पर हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में आंधी-बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश की एंट्री
हिमाचल प्रदेश के मैदानी हिस्सों पर भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। पिछले दिनों हुई बारिश और आंधी के कारण तापमान थोड़ा नर्म था, लेकिन अब पारा चढ़ता जा रहा है, जिससे गर्मी का असर तेज हो गया है। हालांकि, शिमला मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने का अनुमान जताया है, जिससे पर्वतीय भागों पर तेज आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना बढ़ गई है। इस दौरान चोटियों पर बर्फबारी से मौसम सुहावना होने की उम्मीद है। आईएमडी की मानें तो शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा समेत कई स्थानों पर 22 और 23 मई को 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश से मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
जम्मू कश्मीर में मौसम कैसा है
जम्मू कश्मीर में पिछले 24 घंटे के दौरान बर्फबारी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश से मौसम बदल गया है, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। आईएमडी के मुताबिक, बांदीपोरा, श्रीनगर-लेह, ज़ोजिला दर्रा और सोनमर्ग में बर्फबारी से ठंडक बढ़ गई है। वहीं, घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में चोटियां पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। श्रीनगर में घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है। हालांकि, जम्मू क्षेत्र लू की स्थितियां हैं में रहा और कई इलाकों में अधिकतम तापमान असमान्य रूप से काफी अधिक दर्ज किया गया।
22 मई (शुक्रवार) का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 31°C | 45°C |
| मुंबई | 31°C | 34°C |
| चंडीगढ़ | 28°C | 42°C |
| जयपुर | 30°C | 41°C |
| भोपाल | 29°C | 41°C |
| लखनऊ | 29°C | 41°C |
| पटना | 29°C | 40°C |
| रांची | 26°C | 36°C |
| कोलकाता | 30°C | 36°C |
| चेन्नई | 31°C | 36°C |
| बेंगलुरु | 23°C | 33°C |
| देहरादून | 26°C | 39°C |
| शिमला | 25°C | 38°C |
| कश्मीर | 8°C | 16°C |
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण भारत में एक नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव है, जिससे तटीय भागों पर मौसम खराब होने की पूरी संभावना है। हालांकि, पिछले कई दिनों से मौसमी गतिविधियां जारी हैं। अगले 48 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्ष्यद्वीप, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु समेत पश्चिमी घाट के जिलों में तूफानी हवाएं और बारिश का अलर्ट है। हालांकि, अन्य इलाकों में हीटवेव का अलर्ट है।
तमिलनाडु का मौसम कैसा है
तमिलनाडु में अगले दो दिन पांच जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व अरब सागर से मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली एक ट्रफ (द्रोणिका) वायुमंडलीय हालात को प्रभावित कर रही है, जिससे कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हैं। आईएमडी की मानें तो कोयंबटूर, थेनी, इरोड, नीलगिरि और डिंगिडुल में भारी बारिश का अलर्ट है। शुक्रवार को राज्य के अन्य सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरी, नमक्कल, तिरुचापल्ली ,तिरुपत्तूर, तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर, इरोड और नीलगिरि जिलों में बारिश की गति तेज हो सकती है। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
अरुणाचल, सिक्किम में आंधी-बारिश
पूर्वोत्तर में बढ़ती गर्मी के बीच साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर मौसम बदला हुआ है। स्काईमेट का अनुमान है कि शुक्रवार को ओडिशा, असम, अरुणाचल, सिक्किम, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल में तेज तूफानी हवाओं के साथ तेज भारी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान कई आकाशीय बिजली कड़कने और पेड़ उखड़ने का खतरा बना रह सकता है। हालाांकि, कई राज्यों में तेज गर्मी और लू की चेतावनी है। उधर, महाराष्ट्र, गोवा में भी भीषण गर्मी और लू का अलर्ट है। हालांकि, कुछ हिस्सों पर बादल छाए रहने का भी अनुमान है।
