कल का मौसम कैसा रहेगा : मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 48 घंटे के दौरान उत्तर भारतीय राज्यों में बादलों की आवाजाही रहेगी और दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है। उधर, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी से लेकर मैदानी हिस्सों पर तेज बारिश का अलर्ट जारी है। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ जैसी स्थितियां पैदा होने की चेतावनी दी है। स्काईमेट ने 15 अगस्त तक लगातार पूर्वोत्तर के राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा का अलर्ट है। उधर, दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। उधर, महाराष्ट्र और गुजरात के कई जिलों मौसम से प्रभावित रहेंगे।
मौसम आजकल
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान के कई इलाकों में मानसून के सक्रिय रहने के कारण जोरदार बारिश हो रही है। आईएमडी के जयपुर केंद्र अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान भीलवाड़ा, सलूंबर और उदयपुर जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं जयपुर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, करौली, अजमेर, ब्यावर और जोधपुर जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। अधिक बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की चेतावनी है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। हालांकि, नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और गाजियाबाद में बारिश का अनुमान है। दिल्ली में दिन में हुई बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति देखी गई। फिलहाल मौसमी गतिविधियां जारी रहने से तापमान कंट्रोल है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत है। फिलहाल, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले 2 दिन यानी 15 अगस्त तक आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई 100 को क्रॉस कर गया है, जो ’मध्यम’ श्रेणी में आता है।
ओडिशा में बारिश का अलर्ट
ओडिशा भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे राज्य के उत्तरी जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। आईएमडी ने पूरे ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश का ’रेड अलर्ट’ जारी किया है। 14 अगस्त तक उत्तर बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बालासोर जिले के भोगराई में सर्वाधिक 236 मिलीमीटर बारिश हुई, जिसके बाद मयूरभंज जिले के श्यामाखुंटा में 230 मिलीमीटर, बारीपदा में 215 मिलीमीटर और बालासोर के राजघाट में 204 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बालासोर शहर में सबसे अधिक 137 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मयूरभंज की सिमलीपाल पहाड़ियों से बहुत भारी बारिश की सूचना है। से ओडिशा तट पर हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बंगाल में कैसा रहेगा मौसम
पश्चिम बंगाल के आसपास के तटीय इलाकों में मौसम की स्थिति खराब बनी हुई है। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को 15 अगस्त तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात तूफान और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर बंगाल में स्थितियां बिगड़ सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले तीन दिनों तक दक्षिण बंगाल में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
तमिलनाडु में कैसा रहेगा मौसम
तमिलनाडु में 17 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी घाट जिलों के कुछ अलग-अलग स्थानों पर गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 14 अगस्त को बारिश की गतिविधि और अधिक जिलों तक फैलने की संभावना है। पश्चिमी घाट क्षेत्र में एक या दो स्थानों के साथ-साथ मदुरै, चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, रानीपेट, विलुपुरम, शिवगंगा और रामनाथपुरम जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है।
