Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जानकारी दी है कि देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्सों में आने वाले पांच दिनों तक गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। इसके तहत कई राज्यों के लिए मौसम से जुड़ी चेतावनियां जारी की गई हैं, जिनमें दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 9 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दिन तेज गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया था। मौसम के नम रहने से वीकेंड सुहावना रहेगा।
कल का मौसम
10 मई को मौसम आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है। 11 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान 37 डिग्री अधिकतम और 27 डिग्री न्यूनतम रहने की संभावना है। इसके बाद 12 से 15 मई तक मौसम साफ और आंशिक रूप से बादलों से युक्त रहेगा। तापमान इस दौरान अधिकतम 37-38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास रहेगा।
मौसम विभाग ने 11 मई तक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें। बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़ा न होने की चेतावनी दी गई है। किसानों, यात्रियों और आम जनता को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी चेतावनियों का पालन करें।
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा?
10 मई को दिल्ली में बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है। शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 2.6 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था तथा सापेक्षिक आर्द्रता 61 प्रतिशत से 48 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग ने शनिवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा है कि शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शहर की वायु गुणवत्ता "मध्यम" श्रेणी में दर्ज की गई तथा शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 151 था। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
