Junagadh Road Accident: गुजरात के जूनागढ़ जिले में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे पड़े पत्थर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार में तुरंत आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
जूनागढ़ में स्विफ्ट कार पलटने के बाद लगी आग
सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा केशोद-बालागाम रोड पर खमीदाणा गांव के पास रविवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। केशोद पुलिस स्टेशन के PI एम.डी. चौधरी ने बताया कि कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार कार सड़क के मोड़ पर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और किनारे पड़े पत्थर से टकरा गई। इसके बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई।
कार से बाहर गिरने के कारण बची युवती की जान
जानकारी के मुताबिक, हादसे के दौरान कार में सवार एक युवती बाहर गिर गई, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती की पहचान कृष्णाबेन के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए केशोद सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। लेकिन हादसे के बाद युवती सदमे में है।
जूनागढ़ से माधवपुर जा रहे थे कार सवार
पुलिस के अनुसार, कार में सवार लोग जूनागढ़ से माधवपुर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही केशोद फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। PI एम.डी. चौधरी ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान डेनिस के रूप में हुई है। बाकी दो मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
