झारखंड में तेज धूप से बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा, जिससे दिन में तेज धूप निकलेगी और धीरे-धीरे तापमान में इजाफा होगा। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल झारखंड में दिन का तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
झारखंड में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में शनिवार को सरायकेला सबसे गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डाल्टनगंज में 37 डिग्री, जमशेदपुर में 36.3 डिग्री और बोकारो में 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. मौसम विभाग ने बताया कि 17 अप्रैल तक झारखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा।इस दौरान बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि कुछ इलाकों में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन इससे तापमान में ज्यादा राहत नहीं मिलेगी।रांची में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची की बात करें तो यहां अभी अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस है, जो 15 अप्रैल तक बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। यहां मौसम साफ रहने के कारण तेज धूप परेशान करेगी। जिसके चलते फिर से गर्मी अपने तेवर दिखाने वाली है। ऐसे में लोगों को दिन में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
