झारखंड में मौसम बना जानलेवा! बिजली गिरने से सात लोगों की मौत

झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। ये घटनाएं रांची, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों में हुईं। जिनमें अधिकांश पीड़ित खेतों में काम कर रहे थे।

Jharkhand News: झारखंड में मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। जहां पिछले 24 घंटों के दौरान बिजली गिरने की घटनाओं में तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये हादसे रांची, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों में हुए। अधिकांश पीड़ित लोग खेतों में काम कर रहे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गए। इन हादसों के बाद पीड़ित परिवारों में शोक का माहौल है।

Lightning

सांकेतिक फोटो

खेतों में काम कर रहे लोगों पर गिरी बिजली

जानकारी के अनुसार, मृतकों में दो-दो लोग रांची और गढ़वा जिलों के हैं, जबकि अन्य घटनाएं चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों में हुईं। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार सुबह ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’पिछले 24 घंटों में झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बिजली गिरने से कम से कम सात लोगों की जान गई है।’’ पिठौरिया थाने के उपनिरीक्षक सत्यदेव प्रसाद ने बताया, ’’रांची जिले में दो लोगों की मौत हुई है। उनकी पहचान बधु गांव के जीतू महली (55) और कटमकुली गांव की निराशो देवी (33) के रूप में हुई है। दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई।’’ उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार, गढ़वा जिले में भी दो लोगों की मौत हुई। मृतकों की पहचान खरौंधी थाना क्षेत्र के सुंडी गांव निवासी रीना देवी (30) और केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी रामअवतार पाल (65) के रूप में हुई है।

End of Feed