Jharkhand Lightning Strike: झारखंड के रामगढ़ और गोड्डा जिलों में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, रामगढ़ के पतरातू प्रखंड में तीन और गोड्डा के बसंतराय प्रखंड स्थित महेशपुर-रामपुर इलाके में दो महिलाओं की जान गई। बताया गया कि सभी महिलाएं खेतों में धान की बुवाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से वे इसकी चपेट में आ गईं।
झारखंड में आकाशीय बिजली से हड़कंप
रामगढ़ में मृतकों की पहचान सकुल गांव की रेखा देवी (45), रोशनी कुमारी (21) और पलानी गांव की सुशांति देवी (34) के रूप में हुई है। पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता ने बताया कि रामगढ़ में हादसे के बाद मृत महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजे गए हैं। इस घटना में घायल हुई दो लोगों की पहचान सुनीता देवी (27) और कंचन कुमार (17) के तौर पर हुई है।
वहीं, गोड्डा के बसंतराय थाना क्षेत्र में डेरमा चौराहे के पास दक्षिण बहियार इलाके में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हुई। थाना प्रभारी रामदेव वर्मा के अनुसार, मृतकों की पहचान रामपुर गांव की किरण देवी (50) और जहाजकिट्टा गांव की अनीता देवी (52) के रूप में हुई है। गोड्डा में घायल दो लोगों में से एक की पहचान किरण देवी की रिश्तेदार रेखा देवी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे घायल की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान
वहीं अगर बात मौसम की करें तो भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बादल गरजने, बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने तीन से छह अगस्त तक कई जिलों में बादल गरजने, बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि इस दौरान पूरे राज्य में बादल गरजने, बिजली चमकने तथा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने एवं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मंगलवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में शामिल गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार के अलावा हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो में भारी बारिश हो सकती है। बुधवार को बारिश का असर राज्य के पूर्वोत्तर हिस्सों में अधिक रहने का अनुमान है। देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी मौसम खराब रह सकता है और तेज बारिश हो सकती है। गुरुवार को हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, लोहरदगा, रांची, गुमला और खूंटी में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
बुलेटिन में कहा गया है, "राज्य में बादल छाए रहने और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।" मौसम विभाग (रांची) के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, "हमने राज्य के सभी 24 जिलों में अगले चार दिनों के लिए अलग-अलग जगहों पर बादल गरजने एवं बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
