Jharkhand Exam Irregularities: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामलों की जांच कर रही CID को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने इस मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें बिहार के जमुई जिले का एक व्यक्ति और रांची का एक कोचिंग सेंटर संचालक शामिल है। इस गिरफ्तारी के साथ ही सिर्फ JSSC-CGL मामले में CID अब तक 13 लोगों को दबोच चुकी है।।
झारखंड भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में दो और गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)
CID के एक अधिकारी के मुताबिक, बिहार के जमुई निवासी दिलीप कुमार पासवान (41) को JSSC CGL परीक्षा-2023 में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि पासवान ने परीक्षा में शामिल कई अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से फायदा पहुंचाया था। वहीं, झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के मामले में रांची के एक कोचिंग सेंटर संचालक को भी गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान संजित कुमार के रूप में हुई है। वह सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रातू रोड का निवासी है।
कोचिंग संचालक का मालिक निकला एजेंट
अधिकारी ने बताया कि संजित कुमार रांची में शिवांगम कोचिंग सेंटर चलाता है। जांच में सामने आया है कि वह एक एजेंट के रूप में एक्टिव था। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में CID अब तक 20 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते भी शामिल हैं, जिन्हें 10 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।
छात्रों के आंदोलन के बाद कार्रवाई
गौरतलब है कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं को रद्द करने और सीबीआई जांच की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने 25 जुलाई से आंदोलन शुरू किया था। इन व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद राज्य सरकार ने 18 अगस्त को JSSC-CGL-2023 समेत कई परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया था। जिसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया था।हालांकि, परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट ने सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले पर रोक लगा दी है। मामले की जांच CID कर रही है।
