शहर

Jharkhand: स्टील प्लांट में जोरदार ब्लास्ट, 7 मजदूर झुलसे; 4 की हालत गंभीर

झारखंड के हजारीबाग में एक स्टील प्लांट में ब्लास्ट से 7 लोग झुलस गए। जिनमें 4 की हालत गंभीर है और तीन घायल मजदूर कहां है इसकी जानकारी नहीं है। अस्पताल में भर्ती मजदूर 80 से 90% झुलसे हुए हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है-

Image

झारखंड स्टील प्लांट में ब्लास्ट (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Jharkhand: झारखंड के हजारीबाग से एक मामला सामने आया है। यहां बरही में पवनपुत्र स्टील एंड एलॉय प्लांट में ब्लास्ट से 7 मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं। जिनमें से कुछ की मौत की आशंका जताई जा रही है। लेकिन, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी चार मजदूरों को इलाज के लिए हजारीबाग के आरोग्यम हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। घटना में घायल हुए तीन अन्य मजदूर कहां हैं, फिलहाल इसकी कोई जानकारी नहीं है।

4 मजदूर 80 से 90% झुलसे

बताया गया कि प्लांट की चिमनी में दोपहर 12 बजे के आसपास धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि वहां काम कर रहे मजदूर हवा में दूर तक उछल गए। घायलों में जिन चार को इलाज के लिए हजारीबाग लाया गया है, वे 80 से 90 फीसदी झुलस गए हैं। इलाज कर रहे डॉक्टर उनकी हालत बेहद गंभीर बता रहे हैं।

झारखंड के प्लांट में विस्फोट

घायल हुए तीन अन्य मजदूर कहां हैं, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। बरही में झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जियाडा) की ओर से इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। यहां कई उद्योग लगने शुरू हुए हैं। जिस पवनपुत्र स्टील एंड एलॉय कंपनी के प्लांट में विस्फोट हुआ है, वह करीब दो साल पहले यहां स्थापित हुआ है।

पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचे

ब्लास्ट की वजह से फैक्ट्री को भी काफी नुकसान पहुंचा है। ब्लास्ट कैसे हुआ, इसके बारे में फिलहाल प्लांट की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। घटना की सूचना पाकर पुलिस-प्रशासन के अफसर भी मौके पर पहुंचे हैं। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और बरही के कांग्रेस विधायक उमाशंकर अकेला भी मौके पर मौके पर पहुंचे हैं।

(इनपुट-IANS)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article