उत्तर प्रदेश के झांसी में शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। रिहायशी इलाके में चल रही देशी शराब की दुकान से परेशान महिलाओं ने एकजुट होकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साई महिलाएं ठेके के अंदर घुस गईं और वहां रखी शराब की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंक दीं और उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर दिया। इस घटना का एक वीडियो (Video) भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि महिलाएं शराब की पेटियों को सड़क पर फेंककर उन्हें पैरों से कुचलते हुए पूरी तरह से नष्ट कर रही हैं। महिलाओं की मांग है कि मोहल्ले से शराब का ठेका जल्द हटाया जाए।
शराब की पेटियों को नष्ट करतीं गांव की महिलाएं (Times Now Navbharat)
शराब के ठेके पर पहुंचकर महिलाओं ने किया हंगामा
पूरा मामला झांसी के गुरसराय थाना क्षेत्र के नारायणपुरा मोहल्ले का है। यहां एक देशी शराब की दुकान संचालित होती है। स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि ठेका खुलने के बाद से मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। दुकान से शराब खरीदने वाले कई लोग आसपास ही बैठकर शराब पीते हैं। इसके बाद नशे की हालत में घर पहुंचकर परिवार के लोगों से झगड़ा करते हैं। महिलाओं का कहना है कि शराब पीकर घर लौटने वाले कुछ लोग अपनी पत्नियों के साथ मारपीट भी करते हैं। इससे परिवारों में आए दिन विवाद होते हैं और घर का माहौल खराब रहता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तुर्किये से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचा ड्रग्स माफिया सलीम डोला
बच्चों पर भी पड़ रहा बुरा असर
महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब की वजह से कई परिवार परेशान हैं। इसका असर बच्चों पर भी पड़ रहा है। उनके मुताबिक, मोहल्ले में शराब पीने और नशे में लोगों के हंगामे से बच्चों के आसपास का माहौल ठीक नहीं रहता। महिलाओं का यह भी कहना है कि इलाके में शराब पीने की वजह से कुछ लोगों की मौत हो चुकी है। इन सभी परेशानियों से नाराज होकर उन्होंने ठेके के खिलाफ एकजुट होने का फैसला किया। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं शराब की दुकान पर पहुंचीं और विरोध जताने लगीं। देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया। महिलाएं दुकान के अंदर पहुंचीं और वहां रखी शराब की पेटियां तथा बोतलें बाहर निकालकर सड़क पर फेंकने लगीं।
प्रशासन से ठेका हटाने की मांग
महिलाओं ने साफ कहा कि रिहायशी इलाके में शराब की दुकान होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से नारायणपुरा मोहल्ले से देशी शराब का ठेका हटवाने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि जब तक ठेका वहां से नहीं हटाया जाता, तब तक मोहल्ले के लोगों की परेशानी दूर नहीं होगी। फिलहाल इस घटना का वीडियो और महिलाओं का विरोध चर्चा में है।
