Jaipur: राजस्थान सरकार ने राज्य के पांच जिलों में रहने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत दी है। इन जिलों में मौजूद मेडिकल कॉलेजों में अगले वित्त वर्ष यानी की मार्च के बाद से मरीजों को एमआरआई की सुविधा मिलने लगेगी। राजस्थान मेडिकल एज्युकेशन सोसायटी (राजमेस) के अधीन संचालित होने वाले इन मेडिकल कॉलेजों में अभी तक एमआरआई की सुविधा नहीं है। जिसकी वजह से यहां इलाज कराने आने वाले मरीजों को एमआरआई करवाने के लिए प्राइवेट लैब या हॉस्पिटलों की तरफ रुख करना पड़ता है। जिसमें हजारों रुपये खर्च होने हैं। इस सुविधा के शुरू होने से लोगों को अब इस भारी-भरकम खर्च से राहत मिलेगी।
पांच मेडिकल कॉलेज में एमआरआई की सुविधा
बता दें कि राजस्थान सरकार ने पिछले साल से राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में सिटी स्कैन और एमआरआई जांच फ्री कर दी है, लेकिन राज्य में कई ऐसे मेडिकल कॉलेज व अस्पताल हैं, जहां पर अभी तक एमआरआई मशीन ही नहीं थी, जिसकी वजह से जांच फ्री होने के बाद भी मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। जिन मेडिकल कॉलेजों में एमआरआई की ये सुविधा शुरू की जा रही है, वे कुछ साल पहले ही शुरू हुए हैं। राजस्थान मेडिकल एज्युकेशन सोसायटी मंत्रालय इन कॉलेजों में अब धीरे-धीरे सुविधाओं का विकास कर रहा है। जिससे इनमें इलाज के लिए आने वाले मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर न करना पड़े।
