Jaipur Factory Caught Fire: जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में आज सुबह दो फैक्ट्रियों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही विश्वकर्मा थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की 12 से ज्यादा गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि इस घटना में लाखों का सामान आग में जलकर राख हो गया।
फैक्ट्री में लगी आग
प्लास्टिक टंकी और गत्ता फैक्ट्री में लगी आग
आग की यह घटना प्लास्टिक टंकी बनाने वाली फैक्ट्री और गत्ता बनाने वाली फैक्ट्री में हुई। अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण बिंदायका, झोटवाड़ा, वीकेआई समेत अन्य जगहों से एक दर्जन से ज्यादा दमकल की गाड़ियों मौके पर पहुंची। फैक्ट्री में एलपीजी गैस सिलेंडर मौजूद था। जिसे बाहर निकाला गया।
आग लगने की वजह अज्ञात
घटनास्थल के पास ही थिनर का गोदाम भी स्थित था। लेकिन समय रहते आग को कंट्रोल कर लिया गया, वरना आग और ज्यादा फैल सकती थी। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन आग लगने की वजह भी अभी साफ नहीं हुई है। आग की कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
