Rajsathan News: ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमावर्ती इलाकों में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। 8 मई की रात पाकिस्तान की तरफ से हमलों की कई कोशिशें हुई। सरहदी इलाकों में ड्रोन और मिसाइलें दागीं लेकिन सारी कोशिश बेकार गई। भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने सारे ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। पाक ने जिन शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की उनमें से एक जैसलमेर भी था। गुरुवार की रात जैसलमेर में धमाकों की आवाज आई। इलाके में ब्लैकआउट घोषित कर दिया गया, ऐसे में आम जनता का सहमना आम था।
घटना का हाल बताते स्थानीय
स्थानीय निवासियों ने डिफेंस सिस्टम की तारीफ की
इसके बारे में बात करते हुए एक स्थानीय निवासी ने बताया कि रात को जब हमला हुआ तो थोड़ा डर का माहौल बना लेकिन आ रही सारी मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया और एक भी हमला कामयाब नहीं हुआ।
एक दूसरे स्थानीय ने बताया कि पाकिस्तान की तरफ से कई ड्रोन आए। डर लग रहा था कि अब क्या होगा लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने एक भी ड्रोन नीचे नहीं आने दिया, सबको ऊपर ही खत्म कर दिया। भारत की ताकत पाकिस्तान से ज्यादा है।
सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर
बाड़मेर में भी कई बार सायरन बजा। सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं। पाकिस्तान की ओर से जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और बीकानेर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन की गतिविधियों और ब्लैकआउट के मद्देनजर राजस्थान सरकार ने इन क्षेत्रों को 'स्पेशल वॉच जोन' के तौर पर घोषित किया है। पुलिस, बीएसएफ और प्रशासन को आपसी समन्वय से चौबीस घंटे इन इलाकों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम ने ली मीटिंग
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने एक हाई लेवल मीटिंग की, जिसमें राज्य सरकार के कर्मियों की छुट्टी को रद्द करने का फैसला लिया गया। आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। संभावित आपात स्थिति को देखते हुए डिजास्टर मैनेजमेंट टीमों को भी सतर्क कर दिया गया है। साथ ही सभी सीमावर्ती जिलों के अस्पतालों और एंबुलेंस नेटवर्क को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
