Rajasthan: भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति के कारण राजस्थान समेत पूरे देश में हाई अलर्ट है। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री वर्तमान हालातों पर नजर बनाए हुए हैं। इस तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने एक हाई लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसमें राज्य सरकार के कर्मियों की छुट्टी को रद्द करने का फैसला लिया गया। बता दें कि इससे पहले सीमावर्ती इलाकों में पुलिसकर्मियों की छुट्टी को रद्द करने का फैसला लिया गया था। लेकिन बढ़ते तनाव को देखते हुए अब सभी राजकीय कर्मियों की छुट्टियों को रद्द करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री वर्तमान हालात पर नजर बनाए हुए हैं। भारत-पाकिस्तान की तनावपूर्ण स्थिति के बीच राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने हाई लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की। इस बैठक में सभी राज्य सरकार के कर्मियों की छुट्टियां रद्द करने संबंधी निर्देश दिए गए। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी शुक्रवार को अहम बैठक बुलाई है।
सीएम ने राजकीय कर्मियों की छुट्टियां रद्द करने के दिए निर्देश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से उच्च स्तरीय बैठक की जानकारी दी। इस बैठक का आयोजन मुख्यमंत्री निवास पर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में किया गया था। उन्होंने सीमा पर उत्पन्न हुई तनावपूर्ण परिस्थितियों के मद्देनजर, प्रदेशभर विशेषकर सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी राजकीय कार्मिकों की छुट्टियां रद्द करने और उन्हें मुख्यालय पर उपस्थित रहने के संबंध में निर्देश दिए।
4 जिले को किया स्पेशल वॉच जोन घोषित
पाकिस्तान की ओर से जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और बीकानेर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन की गतिविधियों और ब्लैकआउट के मद्देनजर राजस्थान सरकार ने इन क्षेत्रों को 'स्पेशल वॉच जोन' के तौर पर घोषित किया है। पुलिस, बीएसएफ और प्रशासन को आपसी समन्वय से चौबीस घंटे इन इलाकों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों पर न दें ध्यान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने बताया, इस तनावपूर्ण स्थिति में "राज्य सरकार, केंद्र सरकार और सेना एक साथ समन्वय में है। सभी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है और आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
अस्पतालों और एंबुलेंस नेटवर्क हाई अलर्ट पर
संभावित आपात स्थिति को देखते हुए डिजास्टर मैनेजमेंट टीमों को भी सतर्क कर दिया गया है। साथ ही सभी सीमावर्ती जिलों के अस्पतालों और एंबुलेंस नेटवर्क को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
(इनपुट - आईएएनएस)
