जयपुर

तनाव के बीच जैसलमेर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, शाम पांच बजे से बंद रहेंगे बाजार, 12 घंटे रहेगा पूर्ण Blackout

जैसलमेर जिला प्रशासन द्वारा भारत-पाक के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए एडवाइजरी जारी की गई है। जिसके अनुसार, शाम 5 बजे सभी मार्केट बंद रहेंगे। इतना ही नहीं शाम 6 बजे से अगले 12 घंटों तक ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान पटाखे छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

Image

तनाव के बीच जैसलमेर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Jaisalmer: भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। पहलगाम हमले के बाद से दोनों देशों के बीच संबंध निम्न स्तर पहुंच गए हैं। 6-7 मई की दरमियानी रात में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर नेस्तनाबूद कर दिया गया। इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। इस स्थिति को देखते हुए देश भर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस बीच राजस्थान के जैसलमेर में जिला प्रशासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

1. जिले के सभी बाजार शाम 5 बजे बंद कर दिए जाने चाहिए। 5 बजे के बाद कोई भी बाजार खुला नहीं रहेगा।

2. शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक पूरे जिले में ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान सभी प्रकार की लाइट बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

3. ब्लैकआउट के दौरान दोपहिया, तीन पहिया एवं चार पहिया वाहन सहित समस्त प्रकार के वाहनों से होने वाला आवागमन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगे।

4. डिफेंस एरिया के 5 किलोमीटर की एरिया के दायरे में आवागमन पूरी तरह से वर्जित रहेगा। इस क्षेत्र में अवांछनीय रुप से कोई भी व्यक्ति घूमता हुआ नजर आएगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

5. रामगढ़-तनोट रोड़ पर जाने वाले व्यक्ति/यात्री दोपहर 3 बजे तक अपनी यात्रा पूर्ण कर लें। दोपहर 3 बजे के बाद रामगढ़-तनोट रोड़ पर आवागमन पूरी तरह से वर्जित रहेगा।

जैसलमेर जिला प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन एवं निर्देश

जिले में 8 मई से 7 जुलाई, 2025 तक संपूर्ण जिले में ड्रोन संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। वह सभी लोग जिनके पास ड्रोन हैं तत्काल रूप से शुक्रवार, 09 मई को 5 बजे से पहले अपने ड्रोन अनिवार्य रूप से निकटतम पुलिस थाना में जमा करवा दें। जिले में पटाखों की दुकानें पूर्णतया बंद रहेगी। इस दौरान पटाखे छोड़ने, बेचान करने एवं खरीद पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article