Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी जीवित बेटी का मृत्युभोज आयोजित किया और शोक पत्रिका छपवाई। इस पिता ने बेटी के मृत्युभोज का आयोजन रविवार को किया। लेकिन सवाल यह उठता है कि पिता ने अपनी जीवित बेटी के नाम पर शोक पत्रिका क्यों छपवाई और क्यों उसके नाम पर मृत्यु भोज का आयोजन किया? परिवार में ऐसा क्या हुआ कि एक पिता ने ऐसा कदम उठाया। जानिए क्या है पूरा माजरा
बिना बताए बेटी की दूसरी शादी ने नाराज पिता ने रखा उसका मृत्यु भोज (फोटो - Canva)
क्या है पूरा माजरा
जानकारी के अनुसार, भेरूलाल जोशी की बेटी पूजा अपने घर से माणिक्य लाल वर्मा कॉलेज परीक्षा देने के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने आस-पास के लोगों, दोस्तों और रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन पूजा का कुछ पता नहीं चला। कोई सुराग न मिलने पर पूजा के लापता होने की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए युवती को खोज निकाला। तब पता लगा कि पूजा ने सूरज तिवारी नाम के एक युवक से अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया है। हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार ने बताया उन्होंने परिवार की इसकी सूचना दी और कहां की बेटी को पुलिस अधीक्षक के ऑफिस में पेश किया जाएगा, तब उनका भी वहां होने जरूरी था। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि 4 अगस्त को पूजा की पेशी की गई तो उसने वहां पुष्टि की उसने अपनी इच्छा से सूरज से शादी की और परिवार से खतरा होने का आरोप भी लगाया।
पिता ने क्यों आयोजित किया जीवित बेटी का मृत्युभोज
थाने में बेटी द्वारा खतरा होने का आरोप लगाने पर और बिना बताए दूसरी शादी करने से पिता को बहुत दुख हुआ और उन्होंने उसे मरा हुआ मान लिया। भैरूलाल जोशी ने मीडिया को बताया कि "जब मेरी बेटी थाने आई तो उसने हमारे खिलाफ बयान दिए। मुझे बहुत दुख हुआ और मैंने उसे परिवार के लिए मरा हुआ मान लिया है। मैंने उसके नाम पर एक शोक संदेश छपवाया है और घर पर 12 दिनों की शोक सभा आयोजित कर रहा हूं। 10 अगस्त को एक मृत्युभोज रखा गया है।" बता दें कि शोक पत्रिका में छपे हुए संदेश में बेटी शादी की तारीख का उल्लेख था और घोषणा की गई थी कि 29 जुलाई को परिवार के लिए उसका 'निधन' हो गया था। आज यानी 10 अगस्त को आयोजित हुए मृत्युभोज और शोक सभा में स्थानीय ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हो रहे हैं।
पति के रिश्तेदार से युवती ने रचाई शादी
बता दें कि भैरूलाल जोशी ने अपनी बेटी पूजा की शादी उसी गांव के निवासी संजय तिवारी से तय की थी। रिश्तेदारों के अनुसार इस साल अप्रैल में शादी भी हो गई जिस पर लाखों रुपये खर्च किए गए। शादी के बाद जुलाई में परीक्षा देने गई पूजा ने के एक रिश्तेदार सूरज तिवारी से अपनी मर्जी से शादी कर ली और परिवार से खतरा होने का आरोप लगाया। इस बात से नाराज पिता ने बेटी को मरा हुआ घोषित कर शोक सभा का आयोजन किया।
