15 June 2025 Rajasthan mein Aaj ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम): राजस्थान में भीषण गर्मी का असर जल्द कम होने की उम्मीद है, क्योंकि प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज़ हो रही हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी प्रभावी है।
राजस्थान में आज के मौसम की अपडेट
शनिवार को राज्य के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बरसात दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं ऊष्ण लहर देखी गई। तापमान की बात करें तो गंगानगर और चूरू में अधिकतम 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के प्रेक्षण के अनुसार, राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हवा में आर्द्रता की औसत मात्रा 30 से 60 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई। आगामी दिनों में तापमान में गिरावट और वर्षा की संभावना से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद
IMD जयपुर के अनुसार, आगामी दिनों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। आज से राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन, आंधी और बारिश का दौर शुरू होगा, जिसका प्रभाव 20 जून तक बना रहेगा। इस अवधि में कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, अगले 48 घंटों में आंधी-बारिश के असर से अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आने तथा हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, भरतपुर, अजमेर और जयपुर सहित पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर तथा बीकानेर संभागों में कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
राजस्थान में तापमान का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के विभिन्न शहरों का तापमान ऐसा रहा, बीकानेर और चूरू में सबसे अधिक तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि श्री गंगानगर में भी इसी स्तर का तापमान रहा। अजमेर और सीकर में 43.8 डिग्री, अलवर में 43.4 डिग्री, जयपुर में 42.3 डिग्री, कोटा में 43.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 42.8 डिग्री, बाड़मेर में 39.1 डिग्री, जैसलमेर में 38.7 डिग्री, जोधपुर में 36.5 डिग्री और माउंट आबू में अपेक्षाकृत कम 32.0 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। रात में न्यूनतम तापमान कुछ हद तक राहत देने वाला रहा। माउंट आबू में सबसे कम 22.0 डिग्री, जबकि बीकानेर में 34.2 डिग्री दर्ज किया गया। अजमेर और अलवर में 29.0 डिग्री, जयपुर में 31.2 डिग्री, सीकर में 26.5 डिग्री, कोटा में 30.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 30.2 डिग्री, बाड़मेर में 30.9 डिग्री, जैसलमेर में 32.7 डिग्री, जोधपुर में 30.5 डिग्री, चूरू में 31.4 डिग्री और श्री गंगानगर में 30.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
