Rajasthan Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: मॉनसून अपने अंतिम दौर में चल रहा है। लेकिन राजस्थान में अभी भी भारी बारिश का कहर बरकरार है। आज भी कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारी बारिश के कारण धौलपुर और अजमेर में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। साथ ही वर्षाजनित हादसे भी लगातार सामने आ रहे हैं। धौलपुर में बारिश के चलते दो अलग-अलग जगहों पर मकान गिर गए। राजस्थान में दो दिन तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। जिसके बाद भारी बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार आज दौसा, सवाई माधोपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली और बारां में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं जयपुर, अजमेर, झालावाड़, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा और टोंक में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में जोरदार बारिश हो सकती है। 12 और 13 सितंबर को लगातार दो दिन तक जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में भारी से अतिभारी भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
इस वजह से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार वेलमार्क लो प्रेशर फिर से और तीव्र हो गया है और डिप्रेशन में बदल गया है, जोकि उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर वर्तमान में है। आगामी 24 घंटों यह पश्चिमी यूपी की ओर बढ़ सकता है। जिसके प्रभाव से आगामी 3-4 दिन तक पूर्वी राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहने की संभावना है। जिसके चलते इस इलाकों में तेज बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा भरतपुर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने का अनुमान है।
मकान की दीवार ढहने से महिला की मौत
राजस्थान में बुधवार को धौलपुर और अजमेर में खूब बारिश हुई। धौलपुर में सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हुआ और देर रात तक जारी रहा। करीब 18 घंटे तक हुई बारिश के कारण जिले में पहले से बने बाढ़ जैसे हालात और बिगड़ गए। बारिश के कारण धौलपुर के बसेड़ी धाना क्षेत्र के लेबाडापुर गांव में कच्चे मकान की दीवार ढह गई। जिससे घर में सो रही एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं धौलपुर कोतवाली थाना इलाके में भी एक मकान गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के दौरान घर के लोग बाहर खड़े थे। इस वजह से उनकी जान बच गई।
