BJP MLA House Theft News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सिविल लाइंस जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में भाजपा के वरिष्ठ विधायक प्रताप सिंह सिंघवी के सरकारी आवास में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। चोर बंगले से लाखों की कीमत का सामान लेकर फरार हो गए। गौरतलब है कि यह बंगला बेहद संवेदनशील जगह पर स्थित है। विधायक का आवास लोकभवन और मुख्यमंत्री निवास के बेहद करीब है।
बीजेपी विधायक के घर चोरी (फोटो साभार- PratapSSinghvi)
सामने ही है सचिन पायलट का आवास
बताया जा रहा है कि यह बंगला राजभवन के पीछे वाले हिस्से में है। इसके ठीक सामने पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का आवास है और बगल में मंत्री सुरेश रावत रहते हैं। इस पूरे इलाके को जयपुर का सबसे सुरक्षित वीआईपी जोन माना जाता है। यहां इस तरह की घटना से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वारदात देर रात की है। जिस समय चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया, उस समय विधायक सिंघवी खुद जयपुर में नहीं थे। वह अपने विधानसभा क्षेत्र छबड़ा के दौरे पर गए हुए थे। घर पर मौजूदगी न होने का फायदा उठाकर चोरों ने बंगले को निशाना बनाया।
पुलिस कमिश्नर को दी गई मामले की जानकारी
चोरी का पता चलते ही विधायक ने तुरंत जयपुर पुलिस कमिश्नर को मामले की जानकारी दी। शिकायत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि बंगले से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो पाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- करवा चौथ पर पति बना हैवान, खलबट्टे से सिर कुचलकर कर दी पत्नी की हत्या
सात बार विधायक रह चुके हैं प्रताप सिंह सिंहवी
गौरतलब है कि प्रताप सिंह सिंघवी राजस्थान के कद्दावर भाजपा नेताओं में से हैं। वह बारां जिले की छबड़ा सीट से सात बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 1985 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था और 2004 से 2008 के बीच राज्य सरकार में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री भी रहे हैं।
