शहर

Jaipur News: महिला आरक्षण के लिए निकली जन आक्रोश महिला पदयात्रा, कांग्रेस दफ्तर की ओर बढ़े प्रदर्शकारियों की पुलिस से झड़प

राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिला आरक्षण को लेकर भाजपा ने आज जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली, इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

Image

जयपुर में भाजपा का महिला आरक्षण के लिए प्रदर्शन (फाइल फोटो - PTI)

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिला आरक्षण (Women Reservation Bill) के मुद्दे पर आज यानी सोमवार 20 अप्रैल को सियासी घमासान तेज हो गया है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की तरफ से सोमवार को ‘नारी के सम्मान में जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ का आयोजन किया गया, जिसने गुलाबी नगरी के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।

यह पदयात्रा भाजपा प्रदेश कार्यालय से शुरू हुई, जिसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और महिला आरक्षण के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए।

प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प

पदयात्रा शुरू होने से पहले ही भाजपा दफ्तर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी। जैसे ही पदयात्रा आगे बढ़ी, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किए हुए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा घेरा मजबूत किया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। लेकिन, बाद में हालात पर काबू पा लिया गया।

सीएम भजनलाल ने पदयात्रा को संबोधित किया

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पदयात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसे लेकर समाज में जागरूकता फैलाना जरूरी है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ और सांसद मंजू शर्मा ने भी इस दौरान अपनी बात रखी और महिला आरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद की। राखी राठौड़ ने कहा कि यह आंदोलन महिलाओं की भागीदारी और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।

गुलाबी नगरी जयपुर की सड़कों पर निकली इस पदयात्रा ने राज्य की राजनीति को एक बार फिर गर्मा दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा देशभर में प्रदर्शन और पदयात्राओं का आयोजन कर रही है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article