Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जबलपुर के विजयनगर थाना क्षेत्र में दो साल की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी ने दरिंदगी की हदें पार करते हुए बच्ची का चेहरा रेत में दबाकर उसे जान से मारने की भी कोशिश की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी जिले दमोह के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल रिपोर्ट में भी मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है।
पुलिस हिरासत में आरोपी
आधी रात को मां के पास से किया था अगवा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार विजयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी करता है और वहीं रात को सो रहा था। बीती रात आरोपी ने सोते हुए परिवार के बीच से दो साल की मासूम को उठाया और उसे उठाकर पास की ही एक अन्य निर्माणाधीन बिल्डिंग में ले गया। वहां उसने मासूम के साथ घिनौनी करतूत को अंजाम दिया और सबूत मिटाने या हत्या के इरादे से उसका चेहरा रेत में दबा दिया।
बुजुर्ग महिला के घर में भी की थी तोड़फोड़ और छेड़छाड़
इस जघन्य कृत्य को अंजाम देने के कुछ ही घंटों बाद, आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। घटना के करीब 2 घंटे बाद उसने कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर में जबरन घुसकर मारपीट और छेड़छाड़ की घटना को भी अंजाम दिया।
आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर दबिश देकर दमोह जिले के जबेरा निवासी 28 वर्षीय आशीष पटेल को धर दबोचा। एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी आशीष पटेल दमोह का एक शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। विजयनगर और कोतवाली दोनों थानों की पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर लगातार गहन पूछताछ कर रही है। मासूम की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज एक सरकारी अस्पताल में जारी है। पुलिस ने आरोपी आशीष पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और ट्रेसपासिंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
