शहर

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत, फूड पॉइजनिंग की आशंका

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया चाय-मैगी खाने से फूड पॉइजनिंग का अंदेशा जताया जा रहा है।

Image

घटनास्थल पर मौजूद भीड़

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नंगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों में माता-पिता और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्यों ने रात में मैगी और चाय का सेवन किया था। इसके बाद सभी सो गए। सुबह पांचों के मृत मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

रात में परिवार ने खाई थी चाय-मैगी

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे परिवार मेला देख के घर लौटा। घर पहुंचने पर खाने में मैगी और चाय बनाई है। इसके बाद परिवार के सभी लोगों ने एक साथ मैगी और चाय का सेवन किया और सोने चले गए। सुबह जब परिवार के पांचों सदस्य मृत मिले, तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में किसी खाद्य पदार्थ के सेवन से तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि खाने के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा सके।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की जांच के बाद ही पांचों लोगों की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

मृतकों की पहचान

नोएडा पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में महेश पुत्र कृष्ण निवासी नगला श्री पदम (37 वर्ष), ललिता पत्नी महेश (35 वर्ष), लड्डू पुत्र महेश (11 वर्ष), मिष्टी पुत्री महेश (07 वर्ष), साक्षात पुत्र महेश (03 वर्ष) शामिल हैं। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस बल, उच्चाधिकारीगण, एम्बुलेंस एवं फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतकों के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

मृत्यु के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पड़ोसियों ने मां पर लगाया आरोप

मृतक परिवार के पड़ोसियों ने समाचार एजेंसी से बताया कि "बच्चे सो रहे थे। मृतक व्यक्ति की मां झगड़ा करती थीं और कहती थीं कि वह उन्हें यहां नहीं रहने देंगी और सारी संपत्ति अपनी बेटी के नाम कर देंगी। उन्होंने पहले ही सारी संपत्ति अपनी बेटी के नाम कर दी है। वह उन्हें घर छोड़कर जाने के लिए कहती थीं। मेले से लौटने के बाद मृतक की मां ने मैगी बनाकर सभी को खिलाई थी। वे लोग रोजाना झगड़ा करते थे। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।"

Abhishek Sinha
अभिषेक सिन्हाauthor

पत्रकारिता में 23वर्षों का अनुभव पिछले 19 वर्षों से उत्तराखंड की छोटी से लेकर बड़ी ख़बरों को करने में अहम योगदान एवं सबसे आगे, दिल्ली एनसीआर में जैन टीवी और BAG फिल्म्स के साथ उत्तराखण्ड में आजतक टीवी9,live india, और समाचार प्लस के लिए इनवेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म के तहत कई बड़ी ख़बरों को जनता के सामने बड़ी निर्भीकतापूर्वक और ईमानदारी के साथ पेश किया और कई प्रतिष्ठित संस्थानों में अहम भूमिका के साथ जन सरोकार की ख़बरों में प्रमुखता से सबसे आगे और सटीक जानकारी के साथ ख़बरों को जनता के सामने परोसने का जस्बा और हिम्मत भरा लंबा सफ़र.

और पढ़ें
End of Article