Saharanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रामशरण की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें DIG का गनर भी शामिल है। दुर्घटना देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर सरसावा थाना क्षेत्र के पास करीब सुबह 11 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, DIG परमिंदर सिंह अपने दो सहयोगियों के साथ स्कॉर्पियो में सफर कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो उछलकर दूसरी लेन में जा पहुंची, जहां सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
सहारनपुर में दर्दनाक हादसे में DIG की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
ITBP DIG और ड्राइवर की मौत
हादसे में स्कॉर्पियो चला रहे रामशरण (35) और ITBP DIG परमिंदर सिंह (52) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परमिंदर सिंह और रामशरण को मृत घोषित कर दिया। DIG के गनर जय राम (38) को भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, दूसरी कार में सवार तीन लोगों गुरुनानक सिंह (49), देवेंद्र कौर (55) और गुरनाम सिंह (57) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है। बताया गया है कि परमिंदर सिंह मूल रूप से पंजाब के रोपड़ के रहने वाले थे और फिलहाल जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह उत्तराखंड के मसूरी में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद हरियाणा के अंबाला जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद चौहान और SSP अभिनंदन सिंह भी पिलखनी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
