शहर

IPL Final 2026: फाइनल मैच के लिए अहमदाबाद में आया भीड़ का भूचाल; 10 गुना तक बढ़ा होटलों का किराया, फ्लाइट टिकट के दाम भी बढ़े

IPL 2026 Final के चलते अहमदाबाद और गांधीनगर भारी भीड़ पहुंची है। यहां होटलों का किराया 10 गुना तक बढ़ गया है। 3500 वाले कमरे 35000 तक में मिल रहे हैं, जबकि दिल्ली-बेंगलुरु से हवाई किराया भी 35,000 पार हो गया है।

Image

अहमदाबाद में फाइनल से आया ट्रैवल भूचाल (AI Image)

Photo : Times Now Digital

IPL 2026 का खिताबी मुकाबला आज रविवार को खेला जाना है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ पिछले साल के विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु (RCB) अपना खिताब बचाने उतरेगी। इस फाइनल मैच को लेकर देश भर के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त दीवानगी देखी जा रही है। इस फाइनल मुकाबले ने गुजरात के अहमदाबाद और गांधीनगर में 'ट्रैवल क्रेज' पैदा कर दिया है। 1 लाख 32 हजार की क्षमता वाले नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मैच को देखने के लिए देश भर से प्रशंसक पहुंच रहे हैं। मांग में आई इस भारी तेजी के कारण अहमदाबाद के होटलों के कमरों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में 10 गुना तक बढ़ गया है।

आमतौर पर मई के अंत का समय पर्यटन के लिहाज से 'ऑफ-सीजन' माना जाता है, लेकिन IPL फाइनल के अहमदाबाद शिफ्ट होने के बाद से यहां का पूरा बिजनेस इकोसिस्टम बदल गया है। होटल एसोसिएशन के अनुमान के मुताबिक, फाइनल मैच के इस दो दिवसीय वीकेंड के दौरान शहर का होटल सेक्टर अकेले 200 करोड़ से अधिक का सीधा बिजनेस जेनरेट कर सकता है।

3,500 वाला कमरा 35,000 पार

अहमदाबाद और गांधीनगर में लगभग 20,000 होटल कमरे हैं, जिनमें से तीन-सितारा (3-Star) और बजट श्रेणी के अधिकांश होटल पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। स्टेडियम के पास स्थित तीन-सितारा संपत्तियों में जिन कमरों का किराया सामान्य दिनों में 3,500 (प्लस टैक्स) होता था, वे अब लगभग दस गुना बढ़कर 35,000 प्रति रात तक पहुंच गए हैं। जो प्रीमियम होटल आमतौर पर 8,000 से 10,000 चार्ज करते थे, वे अब 25,000 से 30,000 या उससे अधिक वसूल रहे हैं। गांधीनगर स्थित 'द लीला' और अहमदाबाद के 'द फोरम' जैसे बड़े होटलों में मैच से दो दिन पहले ही 50% से 85% तक कमरे बुक हो चुके थे। कमरों की किल्लत को देखते हुए स्थानीय लोग स्टेडियम के पास अपने स्टूडियो अपार्टमेंट्स को 2,000 या उससे अधिक में केवल फ्रेश होने के लिए शॉर्ट-ड्यूरेशन रेंट पर दे रहे हैं।

हवाई किराया भी आसमान पर, बेंगलुरु-दिल्ली से भारी मांग

सिर्फ होटल ही नहीं, बल्कि अहमदाबाद आने वाली उड़ानों के टिकट भी रिकॉर्ड स्तर पर महंगे हो गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु के फाइनल में होने के कारण बेंगलुरु से अहमदाबाद का एकतरफा हवाई किराया 22,800 के पार पहुंच गया है, जो आमतौर पर 6,000 से 8,000 रुपयों का होता है। फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन्स इन इंडियन टूरिज्म ऐंड हॉस्पिटैलिटी (FAITH) के अनुसार, मुंबई-अहमदाबाद का किराया 3,000-5,000 के सामान्य स्तर से बढ़कर 13,000 से 15,000 हो गया है. वहीं दिल्ली-अहमदाबाद का किराया भी ₹14,000 को पार कर गया है। कुछ विशेष रूटों पर यह आंकड़ा 35,000 तक देखा जा रहा है।

रेस्तरां में होंगी लाइव स्क्रीनिंग

जो प्रशंसक अहमदाबाद नहीं पहुंच पाए हैं, उनके लिए देश भर के रेस्तरां और पब्स ने खास इंतजाम किए हैं। दिल्ली-NCR, चेन्नई और मुंबई के कैफे चेन्स ने विशेष डील्स और डिस्काउंट्स की पेशकश की है। कई मल्टी-सिटी कैफे चेन्स ने प्रशंसकों के लिए थीम बेस्ड ऑफर लॉन्च किए हैं, जिसमें बेंगलुरु के 'स्टेडियम समोसे', हैदराबाद की 'हलीम बिरयानी' और गुजरात का 'फरसान प्लेटर' जैसे गेम-डे मेन्यू परोसे जा रहे हैं। वहीं बड़े पर्दे पर लाइव स्क्रीनिंग की व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article