शहर

राजस्थान का मौसम (2 June 2026) Rajasthan Weather Today: 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, अगले कुछ दिन गर्मी की छुट्टी

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 2 June 2026: राजस्थान में कल यानी सोमवार 1 जून को कई जिलों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया। आज भी राज्य के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट है। आगामी कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है।

Image

राजस्थान के 19 जिलों में आज बारिश का अलर्ट

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 2 जून 2026): जून का महीना शुरू हो चुका है और इस समय आमतौर पर राजस्थान सहित समूचे उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिलता है। हालांकि, 1 हफ्ते पहले तक राजस्थान में भीषण गर्मी और Heatwave से लोग बेहाल थे। पिछले हफ्ते आए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते मौसम ने करवट ली। तेज आंधी और बारिश ने गर्मी के तेवर ठंडे किए और लोगों को लू से राहत मिल गई। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से हुए बारिश के चलते तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे तक चला गया, जबकि एक हफ्ते पहले यह सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर बना हुआ था।

आज 19 जिलों में आंधी बारिश

भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी मंगलवार 2 जून को भी राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बड़ी बात ये है कि इस मौजूदा मौसम का असर 5 जून तक रहेगा, यानी पांच जून तक गर्मी भी छुट्टी पर चली गई है। कोटा, जैसलमेर, अजमेर, बाड़मेर और उदयपुर सहित कई जिलों में सोमवार को तेज बारिश हुई। बता दें कि कल राज्य में सबसे ज्यादा तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस फलोदी में रिकॉर्ड हुआ।

एक के बाद एक कई हादसे हुए

जैसलमेर में सम सैंड ड्यून्स के जुमा हेरिटेज रिजॉर्ट में कल रात आंधी-तूफान के चलते लोक कलाकारों के ड्रेसिंग रूम की दीवार गिर गई। हादसे में जिले के बेरसियाला गांव निवासी 25 साल के लोक कलाकार स्वरूप खान की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो युवतियों सहित तीन कलाकार घायल भी हो गए। उधर बाड़मेर के बोला ग्राम पंचायत की भीलों की ढाणी में दो कच्चे घर ढह गए। घरों के मलबे में दबने से खगेंद्र पुत्र शेराराम (8) और खुमानाराम (3) पुत्र चनणाराम की दर्दनाक मौत हो गई। उधर रामसर के पाबूसरिया गांव में भी एक कमरा ढह गया, जिसके मलबे में पिता-पुत्र दब गए। महिला के सिर पर लोहे का एंगल गिर गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों घायलों को मलबा हटाकर बाहर निकाला।

चित्तौड़गढ़ में 20 एमएम बारिश

सोमवार को दोपहर के बाद जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, चित्तौड़गढ़, पाली, राजसमंद, अजमेर, नागौर, टोंक, कोटा, अलवर, उदयपुर, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, अजमेर, बूंदी और राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ में 20 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि नागौर में 13MM पानी बरसा। इसके अलावा फलोदी और नागौर में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

जयपुर में बारिश ने की गर्मी शांत

राजधानी जयपुर में दिन के समय हल्की गर्मी रही। यहां तापमान 38 डिग्री तक पहुंचा। हालांकि, शाम को घने बादल छाने के साथ मौसम में बदलाव हुआ फिर कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने गुलाबी नगरी में अगले तीन दिन इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जताया है। कोटा में भी सोमवार को प्रचंड गर्मी से राहत रही। शाम 5 बजे के बाद यहां के आसमान में बादल छा गए और ठंडी हवा चलने लगी। IMD ने कोटा में आड भी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट दिया है।

जोधपुर और अजमेर में गिरा पारा

जोथपुर में सोमवार को दोपहर के बाद अचानक बादल छा गए और शाम करीब साढ़ चार बजे आंधी आने लगी। कुछ ही देर बात कई इलाकों में बारिश हुई। ऐसे मौसम में जोधपुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहा और मंगलवार-बुधवार को भी यहां आंधी व बारिश का अनुमान है। अजमेर में सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।

सीकर में पारा चढ़ा, अलवर में बारिश

सीकर में कल तापमान 3 डिग्री चढ़कर 38 डिग्री पहुंच गया। कल दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही होती रही, जिसके चलते लोग उमस से परेशान रहे। अलवर में दोपहर बाद बादल छाए रहे। राजगढ़ और आसपास के इलाकों में बारिश होने से लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिली। यहां सड़कों पर पानी भी भर गया, यहां अधिकतम तापमान 36 जिग्री सेल्सियस रहा। उदयपुर में सोमवार शाम धूलभरी हवा चली। आगामी चार दिनों तक यहां बादल छाए रहने की संभावना है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article