Indore News: इंदौर में 24 वर्षीय MBA छात्रा की हत्या के मामले में गिरफ्तार उसके सहपाठी ने इस वारदात के बाद युवती के शव के साथ न केवल बदसलूकी की थी, बल्कि तंत्र-मंत्र की क्रियाओं को भी अंजाम दिया था। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया कि शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में 13 फरवरी को लोगों ने एक बंद घर से बदबू आने की शिकायत की थी और पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद 24 वर्षीय युवती का निर्वस्त्र शव मिला था।
इंदौर में झकझोर देने वाली घटना
मुंबई से गिरफ्तार हुआ खूनी साथी
उन्होंने बताया कि युवती शहर के एक महाविद्यालय से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की पढ़ाई कर रही थी और उसका शव उसके सहपाठी के किराये के घर में मिला था। लालचंदानी ने बताया कि युवती का सहपाठी वारदात के बाद फरार हो गया था और उसे मुंबई से हिरासत में लिए जाने के बाद औपचारिक तौर पर गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।
'तंत्र-मंत्र के जरिये युवती की आत्मा से...'
उन्होंने आरोपी से पूछताछ के हवाले से बताया कि उसने गला घोंटकर क्लासमेट युवती की हत्या के बाद उसके शव के साथ बदसलूकी थी। डीसीपी ने बताया, 'आरोपी ने फरार रहने के दौरान महाराष्ट्र के पनवेल के पास तंत्र-मंत्र भी किया था। आरोपी का दावा है कि हत्या के बाद वह मानसिक तौर पर बेहद परेशान हो गया था और तंत्र-मंत्र के जरिये युवती की आत्मा से बात करना चाहता था।'
क्यों की गर्लफ्रेंड की हत्या?
डीसीपी के मुताबिक, युवती और आरोपी के बीच नजदीकी संबंध थे। उन्होंने बताया, 'आरोपी को संदेह था कि वह दूसरे युवकों से भी बात कर रही है। इस कारण उसने गुस्से में आकर युवती की हत्या कर दी थी और फरार हो गया था।'
युवती का शव मिलने के बाद उसके पिता ने सहपाठी पर उसकी बेटी से आपत्तिजनक तस्वीरों के बूते धन ऐंठने की कोशिश करने और उसे यातनाएं देकर जान से मारने के आरोप लगाए थे। युवती के पिता ने यह आरोप भी लगाया था कि आरोपी आपत्तिजनक तस्वीरों के आधार पर युवती को धमकाकर उससे धन ऐंठने की कोशिश कर रहा था और उसने ये तस्वीरें उसकी बेटी के महाविद्यालय के व्हाट्सएप समूह पर भी साझा की थीं।
