पंजाब : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने मोगा के किल्ली चहलां गांव में ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ को लेकर आयोजित विलेज डिफेंस कमेटी के शपथ समारोह में नशा तस्करों को जनता की ताकत दिखाई। समारोह स्थल पर जमा हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस ने पंजाब को नशे के अंदर डूबो दिया था। जब से ‘आप’ की सरकार आई है, पंजाब को नशा मुक्त बना रही है। इसलिए लोगों को इनके गलत कामों को याद रखना होगा और इन्हें एक भी वोट नहीं देना है। वरना पंजाब फिर से नशे के अंदर डूब जाएगा। पंजाब के इतिहास में पहली बार ‘‘आप’’ की एक ऐसी सरकार आई है, जो नशा बेचने वालों को खदेड़ रही है और पकड़-पकड़ कर जेल में डाल रही है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक साल पहले 1 मार्च को ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ शुरू किया गया था। पंजाब के हर पिंड और हर वार्ड में विलेज डिफेंस कमेटी (वीडीसी) बनाई जा रही हैं। कमेटी में उस वार्ड या पिंड के इज्जतदार लोग, रिटायर्ड टीचर, रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर, युवा और सरपंच आदि को शामिल किया जा रहा है। कमेटी का पहला काम उस गांव या वार्ड में नशा बेचने-खरीदने वाले लोगों की जानकारी देना है।
नशे के खिलाफ काम करेंगी कमेटी
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई लोगों को डर लगता है कि नशा तस्करों की जानकारी देने पर वे उनके परिवार को मार डालेंगे या तंग करेंगे। इसलिए पंजाब सरकार ने एक ऐप बनाया है। वीडीसी के हर सदस्य के फोन में वह ऐप है। लोग उस एप पर जानकारी दें, उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। इसलिए डरने की जरूरत नहीं है। सरकार वीडीसी सभी सुविधाएं या संसाधन देगी। पुलिस, प्रशासन और मुख्यमंत्री उनके साथ हैं। ऐप में दी गई जानकारी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचती है और उस पर एक्शन लिया जाता है। अगर कोई पुलिसवाला स्थानीय स्तर पर अच्छा काम करता है, तो उसे इनाम मिलेगा।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि हर गांव और हर पिंड में मुख्यमंत्री भगवंत मान शानदार एक-एक खेल मैदान बनवा रहे हैं। इन मैदानों में क्रिकेट, वॉलीबॉल और फुटबॉल खेला जा सकता है। पिंड को खेल का सामान भी दिया जाएगा। नशे से बाहर निकलने वाले बच्चे दोबारा नशे में नहीं जाने चाहिए। 'आप' सरकार नशा बेचने वालों के मकान और बंगले तोड़ रही है। उनकी संपत्ति और बैंक खाते जब्त किए जा रहे हैं। ऊपर वाले की कृपा से एक ऐसी सरकार आई है।
इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब की नसों में ऐसा चिट्टा (नशा) उतारा कि अनगिनत घरों में मातम बिछ गया और माताओं-बहनों की खुशियां उजड़ गईं। लेकिन हम पंजाब से नशा खत्म करेंगे। सबसे पहले नशा मुक्ति केंद्र बनाए, वहां दवाइयां और काउंसलर नियुक्त किए ताकि जो नौजवान मरीज बन चुके हैं, उनका इलाज हो सके।
10 लाख रुपए का मुफ्त इलाज
भगवंत मान ने 10 लाख रुपए के मुफ्त इलाज वाली पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना पर कहा कि विरोधी इसमें भी नुक्स निकाल रहे हैं। सरकार ने अस्पतालों से समझौता किया है, 10 लाख रुपए तक के इलाक का जनता का एक पैसा नहीं लगेगा। सारा खर्च पंजाब सरकार उठाएगी। पंजाब मिल्खा सिंह, दारा सिंह, हरमनप्रीत कौर और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों की धरती है, लेकिन पिछली सरकारों ने इसे टीकों और सीरिंज के लिए मशहूर कर दिया था।
