Indore Contaminated Water: इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित जल आपूर्ति से फैले संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की स्थिति पर ताजा जानकारी साझा की है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हासानी के अनुसार, फिलहाल 192 मरीज शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। जिनमें से 26 मरीजों को एहतियातन आईसीयू में रखा गया है, हालांकि सभी की हालत स्थिर है और किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं बताई जा रही है।
इंदौर में दूषित पानी बना जानलेवा (ANI)
दूषित जल से अब तक कितनी मौत
भागीरथपुरा दूषित जल मामले में अब तक 8 लोगों की मौत हुई है। बुधवार रात तक इलाज के बाद 50 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है, जबकि बीती रात ही 5 नए मरीज भी अस्पताल में भर्ती हुए हैं। जिनका इलाज जारी है।
अलर्ट मोड पर सभी अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग ने हालात को देखते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी भी बढ़ा दी गई है। साथ ही दवाइयों, बेड, जांच सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन के अनुसार स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी - कैलाश विजयवर्गीय
इसी बीच मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावितों लोगों का इलाज कराया जा रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ड्रेनेज का पानी सप्लाई लाइन में मिलने के कारण संक्रमण फैला। विजयवर्गीय ने साफ कहा है कि जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसे बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
