Delhi News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को पूर्णिया के लिए इंडिगो की उड़ान में देरी हो गई। इससे नाराज़ यात्रियों ने शिकायत की कि एयरलाइन की सेवाओं में लगातार समस्या आ रही है और एक दिन पहले भी दिक्कत हुई थी। यात्रियों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 9076, जो दिल्ली से पूर्णिया जाने वाली थी, शुक्रवार को रद्द कर दी गई थी और शनिवार को भी समय पर रवाना नहीं हो सकी। इस वजह से कई लोगों को अपने टिकट फिर से बुक करवाने पड़े। लगातार हो रही देरी और कैंसिलेशन पर यात्रियों ने बोर्डिंग काउंटर पर विरोध जताया। कुछ यात्रियों ने बताया कि एयरलाइन ने देरी का कारण खराब मौसम बताया, जबकि कुछ का कहना था कि बाद में स्टाफ ने उन्हें पायलट उपलब्ध न होने की बात कही।
दिल्ली एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण इंडिगो की फ्लाइट्स में देरी और कैंसलेशन (फोटो: PTI)
क्या थी इंडिगो की एडवाइजरी?
इंडिगो ने दिन में पहले ही एक एडवाइजरी जारी करके यात्रियों को सूचित किया था कि कई एयरपोर्ट्स पर घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण उड़ानों में देरी और रद्द होने की संभावना है। यह मामला उस घटना के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है, जब 29 दिसंबर 2024 को एयरलाइन ने खराब मौसम और ऑपरेशनल दिक्कतों की वजह से अपने नेटवर्क में 118 उड़ानें रद्द कर दी थीं। इनमें से छह फ्लाइट्स संचालन संबंधी समस्याओं के चलते रद्द हुईं, जबकि बाकी उड़ानें अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर खराब मौसम के कारण नहीं उड़ सकीं।
पिछले एक महीने का हाल
पिछले एक महीने से इंडिगो को लगातार बड़े पैमाने पर संचालन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले वर्ष दिसंबर की शुरुआत में एयरलाइन ने हजारों उड़ानें रद्द कर दी थीं जिनमें से करीब 1,600 फ्लाइट्स एक ही दिन में कैंसिल करनी पड़ीं। यह कदम पायलटों के लिए कोर्ट के आदेश के बाद लागू किए गए कड़े फ्लाइट ड्यूटी और आराम के नियमों के चलते उठाना पड़ा था। इन रद्दीकरणों का असर देशभर के एयरपोर्ट्स पर दिखा, जहां लाखों यात्री फंस गए।
10 फरवरी तक कोहरे की अवधि
इसके अलावा, 10 दिसंबर से कोहरे का मौसम बढ़ने के बाद एयरलाइन को कई और उड़ानें रद्द करनी पड़ रही हैं। 25 दिसंबर को मौसम की खराबी के कारण इंडिगो ने कई रूट्स पर कुल 67 उड़ानें रद्द कर दीं। वहीं, सिर्फ शनिवार को ही खराब मौसम की वजह से विभिन्न एयरपोर्ट्स से 57 और फ्लाइट्स नहीं उड़ सकीं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक की डेट को सर्दियों के दौरान आधिकारिक कोहरे की अवधि घोषित किया है, जिसके चलते कम दृश्यता के कारण उड़ानों का संचालन अक्सर प्रभावित होता रहता है।
(इनपुट - आईएएनएस)
