पोरबंदर में उड़ान भरते ही क्रैश हुआ इंडियन नेवी का UAV, कैसे हुई दुर्घटना?

गुजरात के पोरबंदर शहर के नजदीक बुधवार अपराह्न भारतीय नौसेना का एक मानवरहित विमान (यूएवी) नौसेना अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पोरबंदर : गुजरात के पोरबंदर जिले के धरमपुर गांव के पास स्थित नेश क्षेत्र में भारतीय नौसेना का एक अनआर्म्ड (निहत्था) अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नौसेना का यह UAV नियमित उड़ान पर था। इसी दौरान तकनीकी खराबी या किसी अन्य अज्ञात कारण से यह धरमपुर गांव के पास नेश क्षेत्र में अचानक क्रैश हो गया। ड्रोन के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

Indian Navy drone crash

गुजरात के पोरबंदर में भारतीय नौसेना का UAV क्रैश

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। भारतीय नौसेना के अधिकारी, स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह UAV किन कारणों से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। क्या इसके पीछे तकनीकी खराबी, मौसम या कोई अन्य कारण जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है।

End of Feed