पीढ़ियों का इंतजार खत्म, 15 अगस्त को उत्तराखंड के रड़गाड़ी-बुगडियार में छाएगी रोशनी; बिजली जगाएगी नई उम्मीद

आजादी के 80वें वर्ष में उत्तराखंड के सीमांत मुनस्यारी क्षेत्र के रड़गाड़ी और बुगडियार गांवों के लिए 15 अगस्त खास होने जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद इन दुर्गम गांवों तक बिजली की लाइन पहुंचाने का काम पूरा हो चुका है और ट्रांसफार्मर भी स्थापित कर दिया गया है। बिजली आपूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों को अंधेरे से राहत मिलने के साथ शिक्षा, संचार और रोजमर्रा की जिंदगी में भी बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Uttarakhand News: आजादी...यह सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि वह एहसास है जिसे पाने के लिए देश ने लंबी लड़ाई लड़ी। 15 अगस्त 1947 को भारत ने अंग्रेजों की गुलामी की बेड़ियां तोड़कर आजादी की पहली सुबह देखी थी। लेकिन उत्तराखंड के दो गांवों के लिए 15 अगस्त 2026 एक ऐसी आजादी लेकर आएगा, जिसका इंतजार उनकी पिछली सभी पीढ़ियों ने किया है। सीमांत उत्तराखंड के इन गांवों में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर सिर्फ तिरंगा नहीं लहराएगा, बल्कि पहली बार बिजली का बल्ब भी जलेगा।

Independence Day 2026

80वें स्वतंत्रता दिवस पर इन गांवों का बदलेगा नजारा

जिस रोशनी को देश के अधिकांश हिस्सों ने दशकों पहले अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लिया था, वह रोशनी यहां अब दस्तक देने जा रही है। कल्पना कीजिए उस पल की, जब किसी घर का बच्चा पहली बार अंधेरे में लालटेन या सोलर लैंप की जगह बिजली के बल्ब के नीचे किताब खोलेगा। जब किसी मां को शाम ढलते ही घर के काम निपटाने की चिंता नहीं होगी। जब बुजुर्गों को रात के अंधेरे में रास्ता तलाशने के लिए हाथ में टॉर्च नहीं पकड़नी पड़ेगी।

End of Feed