Mumbai Orange Alert: मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार आने वाले कुछ दिनों में शहर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 3 जुलाई से कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा भी हो सकती है। इसके साथ ही पालघर, ठाणे और रायगढ़ में भी यह अलर्ट प्रभावी रहेगा। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मुंबई में जारी हुआ अलर्ट (प्रतीकात्मक फोटो- PTI)
मुंबई में 1 जुलाई का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को मुंबई और आसपास के कोंकण क्षेत्र में बादल छाए रहने और मध्यम से लेकर कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। दिनभर रुक-रुक कर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलने की भी आशंका जताई गई है।
क्या है मानसून का अपडेट?
IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ते हुए मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। इसके साथ ही यह उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड के अधिकांश भागों, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ क्षेत्रों में भी सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले 2-3 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इस दौरान यह उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दमन-दीव के पूरे क्षेत्र, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बाकी हिस्सों, जम्मू-कश्मीर के पूरे क्षेत्र, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पंजाब के अधिकांश हिस्सों तथा राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भी आगे बढ़ सकता है।
उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मानसून ने दी दस्तक
वहीं शाम होते-होते उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच गया और झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। देहरादून मौसम केंद्र ने मानसून के राज्य के ज्यादातर हिस्सों में पहुंचने की घोषणा करते हुए कहा कि आगामी दो-तीन दिनों में मानसून के राज्य के बाकी भागों में भी पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मौसम केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को देहरादून में 57.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि चंपावत में 60 मिलीमीटर, कालसी में 49 मिलीमीटर और चकराता में 14 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम केंद्र के मुताबिक, देहरादून एवं बागेश्वर जिलों में बुधवार को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जाहिर करते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ एवं हरिद्वार मे कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
